कर्नाटक के मंगलुरु जिला जेल में 45 कैदी फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल भर्ती कराया गया। एक कैदी की हालत गंभीर है, फूड सैंपल्स जांच के लिए भेजे गए हैं।जेल का खाना खाकर अस्पताल पहुंच गए 45 कैदी|

जेल का खाना खाकर अस्पताल पहुंच गए 45 कैदी
मंगलुरु: कर्नाटक के मंगलुरु में स्थित जिला जेल में बुधवार को 45 कैदी फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोपहर का खाना खाने के बाद कैदियों को पेट से जुड़ी समस्याएं होने लगी थीं। स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत के बाद सभी 45 कैदियों को बुधवार को सरकारी वेनलॉक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती इन कैदियों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और ICU में उसका इलाज किया जा रहा है। जेल अधिकारियों के मुताबिक, कैदियों को दोपहर के भोजन में चावल-सांभर और नाश्ते में ‘अवलक्की’ यानी कि पोहा परोसा गया था।
‘फूड सैंपल्स को जांच के लिए लैब में भेजा गया है’
सिटी पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अस्पताल में भर्ती एक कैदी को छोड़कर बाकी सभी कैदियों की हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैदियों के पीने के पानी, सुबह के नाश्ते और दोपहर के खाने के फूड सैम्पल्स लेकर उनकी टेस्टिंग के लिए लैब भेजा है। अग्रवाल ने कैदियों के भर्ती होने के बाद अस्पताल का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में कैदियों का इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी बात की।