अभिनेत्री विंसी अलोशियस (Vincy Aloshious) से फिल्म के सेट पर दुर्व्यवहार

Read Time:  1 min
FONT SIZE
GET APP

अलोशियस के आवाज उठाने पर वीमेन इन सिनेमा कलेक्टिव (WCC) ने की सराहना

साथी कलाकार के दुर्व्यवहार के खिलाफ अभिनेत्री विंसी अलोशियस के आवाज उठाने पर वीमेन इन सिनेमा कलेक्टिव (WCC) ने उनकी सराहना की है। अपनी आपीबीती बताते हुए अभिनेत्री विंसी अलोशियस ने बताया कि फिल्म सेट पर एक साथी मेल कलाकार ने ड्रग्स का इस्तेमाल किया। इसके बाद उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगा।

अभिनेत्री से आईसी के पास शिकायत दर्ज करने का आग्रह

WCC के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि विंसी ने इस घटना की ओर ध्यान आकर्षित किया है कि कई मलयालम फिल्म सेटों पर शराब और ड्रग्स का खूब इस्तेमाल हो रहा है। WCC ने कलाकारों से ऐसी घटनाओं पर फिल्म सेट की आंतरिक समिति (आईसी) के पास शिकायत दर्ज करने का आग्रह किया।

विंसी अलोशियस

अभिनेता का नाम शाइन टॉम चाको

WCC का कहना है कि केरल में फिल्म उद्योग में काम करने वाली सभी महिलाओं को एक बात पता होनी चाहिए कि केरल उच्च न्यायालय ने हर फिल्म सेट में एक आंतरिक समिति (आईसी) का गठन अनिवार्य कर दिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, विंसी अलोशियस ने अब फिल्म चैंबर में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने अभिनेता का नाम शाइन टॉम चाको बताया है।

दुर्व्यवहार करने का आरोप

मलयालम अभिनेता पर शराब के नशे में सेट पर दुर्व्यवहार करने का आरोप है। विंसी ने फिल्म चैंबर और फिल्म उद्योग की आंतरिक शिकायत समिति के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। फिल्म चैंबर के महासचिव साजी नंथयात ने कहा कि शिकायत के आधार पर अभिनेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

AMMA से शिकायत

विन्सी ने दुर्व्यवहार के बारे में मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (AMMA) से भी शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाको ने फिल्म ‘सूत्रवाक्यम’ के सेट पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। यह फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है।

मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन ने दिया विंसी का साथ

मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी के संयोजक जयन चेरथला ने कहा कि एसोसिएशन इस मुद्दे पर पूरी तरह से अभिनेत्री के साथ है। आपको बता दें कि हाल ही में विंसी ने नशा विरोधी अभियान से जुड़े एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान बयान दिया था कि वह ऐसे किसी भी कलाकार के साथ काम नहीं करेंगी जो ड्रग्स का सेवन करता हो।

सोशल मीडिया पर बहस शुरू

विंसी अलोशियस के इस बयान से सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्पष्टीकरण पोस्ट किया जिसमें उन्होंने उन घटनाओं का जिक्र किया जिससे वह परेशान थीं। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि ड्रग्स लेने के बाद उन्होंने फिल्म के सेट पर एक महिला सहकर्मी के साथ ‘बहुत असहज’ व्यवहार किया। हालाँकि, अब उन्होंने अभिनेता का नाम बता दिया है।

digital@vaartha.com

लेखक परिचय

[email protected]

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।