मुंबई । रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर-2’ बॉक्स ऑफिस (Box Office) पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। सोमवार को हल्की गिरावट के बाद मंगलवार को फिल्म की कमाई में फिर उछाल देखने को मिला। अब तक फिल्म ने घरेलू स्तर पर 899.92 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1,077.41 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई 1,435.41 करोड़ रुपये हो गई है और अब इसकी नजर 1500 करोड़ क्लब पर है।
13वें दिन भी जारी रहा शानदार प्रदर्शन
रिलीज के 13वें दिन, जो कि दूसरा मंगलवार था, फिल्म ने 33.22 करोड़ रुपये की कमाई की। यह आंकड़ा सोमवार के 30.28 करोड़ रुपये से बेहतर रहा। सुबह के शो में शुरुआत धीमी रही, लेकिन शाम और रात के शो में तेजी के साथ कलेक्शन में बढ़ोतरी हुई।
दर्शकों के साथ विशेषज्ञों की भी सराहना
फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ विशेषज्ञों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। पूर्व डिप्टी नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर पंकज सरन ने फिल्म की जमकर तारीफ करते हुए इसे पहले भाग से भी बेहतर बताया। वहीं, फिल्म निर्माता इम्तियाज अली (Imtiyaj Ali) ने भी इसकी सफलता पर खुशी जताई और पूरी टीम को बधाई दी।
कई बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे
‘धुरंधर-2’ ने महज 13 दिनों में अपने पहले भाग ‘धुरंधर’ को पीछे छोड़ते हुए सबसे बड़ी हिंदी नेट ग्रॉसर फिल्म बनने का रिकॉर्ड बना लिया है। इसके साथ ही इसने ‘पुष्पा 2’, ‘स्त्री 2’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी धमाल
वैश्विक स्तर पर भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा है। इसने ‘जवान’, ‘केजीएफ 2’ और ‘आरआरआर (RRR) जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। अब इसकी नजर ‘पुष्पा 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘दंगल’ के बड़े रिकॉर्ड्स पर है।
अन्य पढ़े: Bihar- बांका हादसा : बाइक से टकराई कार खाई में गिरी, तीन की मौत, चार जख्मी
स्टारकास्ट और निर्देशन
फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। इसमें रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी और पेड प्रीव्यू के जरिए एक दिन पहले ही कमाई शुरू कर दी थी। अगर फिल्म की कमाई इसी रफ्तार से जारी रहती है, तो यह भारतीय सिनेमा में नया इतिहास रच सकती है।
Read More :