UP: सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है “एक पेड़ मां के नाम” अभियान : योगी

By Ajay Kumar Shukla | Updated: July 6, 2025 • 9:40 PM

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने रविवार को “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण महा अभियान-2025 के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रदेश के सभी महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष (District panchayat chairmen), क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक पंचायत सदस्य, पार्षद, सभासद एवं ग्राम प्रधानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप पांच जून यानी विश्व पर्यावरण दिवस के दिन शुरू हुआ एक पेड़ मां के नाम अभियान सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

2023 तक हरित आवरण में कुल 3.38 लाख एकड़ की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश का वन आच्छादन नीचे जा रहा था। विगत आठ वर्ष में नियोजित प्रयासों के माध्यम से प्रदेश का वन आच्छादन 9 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत हो गया है। आज हरित आवरण वृद्धि में उत्तर प्रदेश, देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से 2024 के बीच हरित आवरण में 5 लाख एकड़ की वृद्धि हुई है। वहीं वर्ष 2021 से 2023 के बीच वनावरण एवं वृक्षावरण में 1 लाख 38 हजार एकड़ की वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से 2023 तक हरित आवरण में कुल 3.38 लाख एकड़ की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रदेश के सभी किसान खेत की मेड़ पर करें पौधरोपण

पर्यावरण एवं वन मंत्री डॉक्टर अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण दुनिया का तापमान बढ़ता जा रहा है। आज गर्मी में नौतपा की बजाय पूरे माह में गर्मी पड़ रही है। इसका कारण कार्बन डाइऑक्साइड में वृद्धि होना है। इससे वर्षा ,बाढ़ में वृद्धि देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री जी ने कहा कि देश के सभी नागरिकों को इस पर नियंत्रण के लिए इस अभियान में हिस्सा लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने पौधरोपण के साथ ही उसकी सुरक्षा पर भी ध्यान देने पर बल दिया।

उत्तर प्रदेश के इतिहास में अभी तक सर्वाधिक पौधारोपण: मुख्य सचिव

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनप्रतिनिधियों से कहा कि वृक्षारोपण महा अभियान 2025 का शुभारंभ 9 जुलाई से होगा। वर्ष 2017 से वर्ष 2024 तक लगभग 204 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। उत्तर प्रदेश के इतिहास में अभी तक सर्वाधिक पौधारोपण है। वन विभाग द्वारा लगभग 45 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं।

जन प्रतिनिधियों ने कहा तैयारियां पूरी

कार्यक्रम के दौरान आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर, वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, संभल के बबराला नगर पंचायत के अध्यक्ष हर्ष वर्धन, जालौन के जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी एवं अन्य जन प्रतिनिधियों से उनकी तैयारीयों का हाल जाना। सभी ने कहा उनकी तैयारियां पूरी हैं। यह अभियान सफलता की नई ऊंचाइयों को छूएगा।

Read Also: Cp: “बीबी का आलम जुलूस” हैदराबाद में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न

# Paper Hindi News #Breaking News in Hindi #Google News in Hindi breakingnews cm up Ek Ped Maa Ke Naam" Hindi News Paper latestnews trendingnews Yogi