जिंदगी और मौत से जूझ रही महिला, परिवार में कोहराम
हैदराबाद। हैदराबाद में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की और अपनी 4 साल की बच्ची को भी जहरीला पदार्थ पिला दिया। रविवार को बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
आदित्य गार्डन स्थित एक अपार्टमेंट में रहती है महिला
जानकारी के अनुसार महिला की पहचान नंबूरी कृष्णा पावनी (32) के रूप में हुई है, जो अपने पति संबाशिवा राव और बेटी जेसविका (4) के साथ बाचुपल्ली के आदित्य गार्डन स्थित एक अपार्टमेंट में रहती है। कृष्णा पावनी पिछले कुछ सालों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। उनका इलाज चल रहा है, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है।
सॉफ्ट ड्रिंक में जहरीला पदार्थ
इससे परेशान होकर उसने अपनी जान देने का फैसला किया। उसने 18 अप्रैल को सॉफ्ट ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पी लिया और अपनी बेटी को भी पिला दिया। इसके बाद मां और बेटी बीमार हो गईं। अपने पति से डरी कृष्णा पावनी ने अगले दिन पति को इसकी जानकारी दी। संबाशिव राव ने तुरंत बाचुपल्ली पुलिस को सूचित किया और उसे इलाज के लिए केपीएचबी कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बचुपल्ली पुलिस ने दर्ज कर लिया मामला
जब मां का अस्पताल के आईसीयू आपातकालीन वार्ड में इलाज चल रहा था, तब जेसविका की हालत बिगड़ गई और रविवार सुबह उसे दूसरे निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। बचुपल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।