Rules- नए साल से लागू होंगे 8 बड़े बदलाव, LPG, रेल टिकट और UPI पर खास असर

By Anuj Kumar | Updated: January 1, 2026 • 12:06 AM

नई दिल्ली। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब पर असर डालने वाले कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं। 1 जनवरी से इनकम टैक्स, बैंकिंग, LPG, UPI, रेल टिकट बुकिंग और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े बड़े बदलाव लागू होंगे। अगर आप समय रहते इन नियमों को नहीं समझते हैं, तो आगे चलकर परेशानी हो सकती है। आइए आसान भाषा में जानते हैं 1 जनवरी से लागू होने वाले 8 बड़े बदलाव—

रिवाइज्ड ITR दाखिल करने का मौका खत्म

1 जनवरी 2026 से वित्त वर्ष 2025-26 के लिए रिवाइज्ड इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल नहीं किया जा सकेगा। रिवाइज्ड ITR भरने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर है। इसके बाद टैक्सपेयर्स को केवल अपडेटेड रिटर्न यानी ITR-U ही दाखिल करना होगा।

हर हफ्ते अपडेट होगा क्रेडिट स्कोर

नए साल से क्रेडिट ब्यूरो क्रेडिट स्कोर अपडेट करने का तरीका बदल देंगे। अब 15 दिन की जगह हर हफ्ते क्रेडिट स्कोर अपडेट होगा। इससे लोन की (EMI) समय पर चुकाने या प्रीपेमेंट का असर जल्दी आपके स्कोर में दिखेगा।

पैन-आधार लिंकिंग अनिवार्य

पैन और आधार लिंक कराने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर है। 1 जनवरी से जिनका पैन आधार से लिंक नहीं होगा, उनका पैन इनएक्टिव हो जाएगा। इनएक्टिव पैन से न टैक्स रिटर्न फाइल हो पाएगा और न ही बैंकिंग से जुड़े कई काम हो सकेंगे।

LPG सिलेंडर के दाम बदलने की संभावना

हर महीने की पहली तारीख को (LPG) के दामों की समीक्षा होती है। 1 जनवरी से घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हो सकता है, जिसका सीधा असर रसोई के बजट पर पड़ेगा।

UPI ट्रांजैक्शन होंगे ज्यादा सुरक्षित

डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए 1 जनवरी से UPI से जुड़े नियम और सख्त किए जाएंगे। WhatsApp और Telegram जैसे मैसेजिंग ऐप्स पर मजबूत SIM वेरिफिकेशन नियम लागू होंगे, जिससे धोखाधड़ी पर लगाम लग सके।

SBI कार्ड के लाउंज एक्सेस नियम बदले

10 जनवरी 2026 से SBI क्रेडिट कार्ड के डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस नियम बदल जाएंगे। कार्ड्स को सेट A और सेट B में बांटा गया है, जिनके तहत अलग-अलग शहरों के एयरपोर्ट लाउंज में प्रवेश की सुविधा मिलेगी।

Read Also : भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

रेल टिकट बुकिंग में नया नियम

रेलवे बोर्ड के फैसले के तहत आधार-वेरिफाइड यूजर्स को एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के पहले दिन टिकट बुक करने में प्राथमिकता मिलेगी।

8वें वेतन आयोग की शुरुआत

7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो रहा है। ऐसे में 1 जनवरी 2026 से 8वें वेतन आयोग का कार्यकाल शुरू होने की संभावना है। हालांकि सरकार की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन कर्मचारियों और पेंशनर्स को एरियर मिलने की उम्मीद है।

Read More :

# Aadhar card news # EMI News #Breaking News in Hindi #Hindi News #ITR news #Latest news #LPG News #PAN News #UPI news