नई दिल्ली। देश की राजधानी आज सोमवार से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सबसे बड़े वैश्विक आयोजनों में से एक ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ की मेजबानी कर रही है। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाला यह पांच दिवसीय आयोजन भारत मंडपम (Bharat Mandap) में हो रहा है, जहां दुनिया भर की 300 से अधिक कंपनियां अपने अत्याधुनिक एआई समाधान और भविष्य के गैजेट्स प्रदर्शित करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया है।
पीएम मोदी करेंगे एक्सपो का उद्घाटन
एआई समिट यानी इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 (India AI Impact Expo) के दौरान आम जन प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे कि एआई तकनीक वास्तविक जीवन में कैसे काम करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर से विशेषज्ञों और कंपनियों का भारत आना देश के युवाओं की प्रतिभा और तकनीकी क्षमता को दर्शाता है।
पांच दिवसीय एक्सपो का खास एजेंडा
प्रथम दिवस 16 फरवरी को विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं के बीच राउंडटेबल चर्चाएं होंगी। शाम 5 बजे उद्घाटन के बाद एआई आधारित रोबोटिक्स, स्मार्ट हेल्थ डिवाइस, एग्री-ड्रोन और एडटेक प्लेटफॉर्म प्रदर्शित किए जाएंगे।
कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहेगा दूसरा दिन का फोकस
17 फरवरी को फोकस आम नागरिकों से जुड़े क्षेत्रों पर रहेगा। सरकार खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, जेंडर सशक्तिकरण और दिव्यांगजनों से जुड़े छह विशेष शोध प्रकाशनों का विमोचन करेगी। इनमें एआई के जरिए फसल उत्पादन बढ़ाने, रोगों की शुरुआती पहचान और व्यक्तिगत शिक्षा जैसे विषय शामिल होंगे।
वैश्विक वैज्ञानिक पेश करेंगे भविष्य की रिसर्च
तीसरे दिन 18 फरवरी को दुनिया भर के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और थिंक टैंक अपनी अत्याधुनिक रिसर्च प्रस्तुत करेंगे। टेक कंपनियां लाइव डेमो के माध्यम से भविष्य की मशीनों और स्मार्ट सिस्टम्स की झलक दिखाएंगी।
पीएम मोदी और वैश्विक टेक दिग्गजों की अहम बैठक
19 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी आधिकारिक संबोधन देंगे। इस दौरान सुंदर पिचाई, सैम ऑल्टमेन और बिल गेट्स सहित 100 से अधिक वैश्विक दिग्गजों के साथ बैठक होगी। इसमें भारत में एआई निवेश और रणनीतिक साझेदारी पर बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है।
अन्य पढ़े: Aadhar Card- नए डिजाइन वाला आधार कार्ड, अब सिर्फ फोटो और QR कोड होगा नजर
जीपीएआई काउंसिल बैठक के साथ समिट का समापन
अंतिम दिन 20 फरवरी को जीपीएआई काउंसिल की बैठक होगी, जिसमें सदस्य देश एआई को सुरक्षित, भरोसेमंद और जिम्मेदार बनाने को लेकर साझा रणनीति पर चर्चा करेंगे। यह समिट केवल तकनीकी नवाचार का मंच नहीं, बल्कि इस बात का संकेत भी है कि भारत वैश्विक एआई नेतृत्व की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Read More :