पटना। बिहार की राजनीति में उस समय भावुक माहौल देखने को मिला जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के एमएलसी पद से इस्तीफे के बाद जदयू नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। इस दौरान मंत्री अशोक चौधरी मीडिया से बात करते हुए भावुक हो गए और उनकी आंखें नम नजर आईं।
इस्तीफे के बाद भी फिलहाल CM पद पर बने रहेंगे
बता दें कि नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दिया है, लेकिन फिलहाल वे मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। उनके इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
‘उनके जैसा कोई नहीं’, बोले अशोक चौधरी
मीडिया से बातचीत में अशोक चौधरी ने कहा कि वे लंबे समय से नीतीश कुमार के साथ काम कर रहे हैं और उनके जाने से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में दूसरा नीतीश कुमार नहीं हो सकता।
‘नॉर्मल नहीं, बेहद इंटेलिजेंट नेता’
अशोक चौधरी (Ashok Choudhary) ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे कोई सामान्य व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि बेहद बुद्धिमान नेता हैं। उन्होंने बताया कि सदन में डांटना, समझाना या मुश्किल में फंसे मंत्रियों की मदद करना—ये सभी काम नीतीश कुमार सहजता से करते थे। उन्होंने यह भी कहा कि हर विभाग पर उनकी मजबूत पकड़ थी और वे नए मंत्रियों को भी लगातार मार्गदर्शन देते थे।
‘बिहार को मिला अभिभावक’, तारीफ में कही बड़ी बात
अशोक चौधरी ने कहा कि बिहार को नीतीश कुमार जैसा अभिभावक मिलना आसान नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे आगे भी मार्गदर्शक के रूप में जुड़े रहेंगे और सरकार को दिशा देते रहेंगे।
‘उनके बनाए रास्ते पर चलेगी सरकार’
जदयू नेता ने कहा कि विकास की जो दिशा नीतीश कुमार ने तय की है, उसे आगे बढ़ाना किसी भी नए नेता के लिए बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहेंगे और उनके मार्गदर्शन में ही सरकार काम करेगी।
अन्य पढ़े: Hyderabad : केवल स्वस्थ युवाओं के माध्यम से ही ‘फिट इंडिया’ संभव – किशन रेड्डी
‘फैसले के पीछे जरूर कोई बड़ी सोच’
अशोक चौधरी ने अंत में कहा कि संभव है कि नीतीश कुमार ने यह निर्णय किसी बड़े और सकारात्मक उद्देश्य को ध्यान में रखकर लिया हो। उन्होंने भरोसा जताया कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन आगे भी बिहार के लिए उपयोगी रहेगा।
Read More :