Bihar : मॉनसून आते ही पुल के धंसने का सिलसिला शुरू

By digital | Updated: June 20, 2025 • 1:41 AM

बिहार में मॉनसून (Monsoon) आते ही पुल के धंसने का सिलसिला शुरू हो गया है। गया जी के डोभी प्रखंड के निलंजना नदी पर बने कोठवारा-बरिया पुल का धंस गया। पुल में कई जगह दरारें भी आ गई हैं। जिसके बाद पुल पर बैरिकेटिंग कर दी गई है, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। आपको बता दें नबार्ड की वित्तीय सहायता से करोड़ों की लागत (Cost) से पुल का निर्माण हुआ था।

तीन साल के भीतर ही दरार और पुल का एक पाया धंस गया

2022 में बनकर तैयार हुए सेतु में तीन साल के भीतर ही दरार और सेतु का एक पाया धंस गया। निर्माण के बाद पुल पर आवागमन जारी है, लेकिन अभी तक उद्घाटन नहीं हुआ है। आपको बता दें बीते साल 2024 में बारिश के सीजन में एक के बाद एक कई पुलों के धंसने की घटनाएं सामने आई थीं। सिर्फ 11 दिनों में 6 सेतु ढह थे। पूर्वी चंपारण, सीवान किशनगंज, अररिया समेत कई जिलों से सेतु ढहने की घटनाएं सामने आई थीं।

18 जून को अररिया में पुल गिरा था

बीते साल 18 जून को अररिया में सेतु गिरा था, 22 जून को सीवान में, 23 जून को मोतिहारी में सेतु ढह गया था। जिसके बाद बिहार में पुलों के रखरखाव की नीति (ब्रिज मेंटेनेंस पॉलिसी) लागू की गई। इस नीति के आधार पर पुलों का हेल्थ कार्ड बनेगा और रखरखाव के लिए विशेष प्रभाग (डिविजन) का गठन होगा। मुख्य अभियंता इस डिवीजन के हेड होंगे। इनके साथ ही अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंताओं की टीम होगी।

टीम के इंजीनियर नियमित तौर पर जांच करेंगे। जांच केवल कागजों पर ही नहीं, बल्कि वीडियो व तस्वीर के साथ होगी। जहां भी इन्हें गड़बड़ी मिलेगी, वे इसकी जानकारी तत्काल विभाग को देंगे। अगर रखरखाव में कोताही बरती गई तो उसे चिह्नित कर विभाग सख्त कार्रवाई भी करेगा।

# Paper Hindi News #Breaking News in Hindi #Google News in Hindi #Hindi News Paper Bihar breakingnews bridge latestnews trendingnews