उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में चोरी की एक घटना ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। दरअसल, देर रात जिला न्यायालय की नई बिल्डिंग में चोरों ने 5 वॉशरूम्स को निशाना बनाया और टोटियां चुरा लीं। सुबह जैसे ही लोगों ने वॉशरूम का दरवाजा खोला, टोटियां गायब थीं।
बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर के कोतवाली सिटी क्षेत्र में जिला न्यायालय की नई बिल्डिंग का निर्माण हुआ है। हाल ही में हाईकोर्ट के जज ने जिला कोर्ट की नई इमारत का फीता काटकर शुभारंभ किया था। इमारत में नया इंफ्रास्ट्रक्चर लगा है। पांच मंजिला इमारत के हर एक तल पर शानदार वॉशरूम बनाए गए हैं। इन्हीं वॉशरूम को चोरों ने रात के अंधेरे में निशाना बनाया। दर्ज एफआईआर के मुताबिक, हर एक वॉशरूम से दो-दो कीमती टोटियों को चोरी कर चोर फरार हो गए। 5 वॉशरूम से कुल 10 कीमती टोटियां चोरी हुई हैं।
जिला कोर्ट से टोंटी चोरी
केंद्रीय नजारत अपर जिला एवं सत्र न्यायालय राजकुमार सिंह ने बताया कि सफाईकर्मियों की सूचना पर नवनिर्मित बिल्डिंग के सभी शौचालय से टोंटी चोरी हो गई है। देखने पर पता चला कि फर्स्ट फ्लोर पर स्टाफ वॉशरूम की 2 टोंटियां, सेकेंड फ्लोर पर पब्लिक टॉयलेट की 2 टोंटियां, थर्ड फ्लोर पर दिव्यांग वॉशरूम की 2 टोंटियां, फोर्थ फ्लोर पर स्टाफ टॉयलेट की 2 टोंटियां और फिफ्थ फ्लोर पर भी दिव्यांग वॉशरूम की 2 टोंटियां चोरों ने चुराई हैं।
दिव्यांग वॉशरूम की टोटी भी चोरी
चोरों ने स्टाफ वॉशरूम और पब्लिक वॉशरूम के साथ-साथ दिव्यांगों के लिए बनाए गए वॉशरूम की टोटियां भी चोरी कर लीं। दिव्यांग वॉशरूम से दो टोटियों को चोरी किया गया है। हालांकि, पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।