नई दिल्ली,। स्वामी चैतन्यानंद के खिलाफ जांच में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब पता चला है कि बाबा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (Social Media Accounts) के जरिए लड़कियों के फोटो और प्रोफाइल पर आपत्तिजनक कमेंट्स किए। पुलिस ने उनके डिजिटल उपकरणों से चैट्स बरामद की हैं, जिनमें छात्राओं से अश्लील बातचीत, निजी तस्वीरें मांगना और आपत्तिजनक संदेश शामिल हैं।
डिजिटल सबूतों से खुली पोल
एक चैट में दुबई (Dubai) के एक शख्स के लिए लड़की की व्यवस्था करने की बात भी मिली है। स्वामी चैतन्यानंद लड़कियों की प्रोफाइल खोज-खोजकर स्क्रॉल करता था। भगवा वस्त्र और आस्था का चोला ओढ़े इस स्वामी का असली चेहरा अब सामने आया है। कैमरे, ब्लैकमेलिंग और छात्राओं के यौन शोषण में उसकी संलिप्तता पुलिस जांच में स्पष्ट हो चुकी है।
न्यायिक हिरासत और कोर्ट में सुनवाई
दिल्ली की कोर्ट में सुनवाई के दौरान स्वामी चैतन्यानंद को 17 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उनके वकील ने नियमित दवाइयों, सात्विक भोजन और धार्मिक वस्त्र रखने की अनुमति की मांग की। कोर्ट ने कहा कि यह प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा है।
छात्रों और कर्मचारियों पर दबाव
पुलिस जांच में सामने आया कि संस्था से जुड़े कई छात्रों को मोबाइल और शैक्षणिक दस्तावेज देने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर निष्कासन की धमकी दी गई। स्वामी चैतन्यानंद ने पूछताछ में कोई पछतावा नहीं जताया।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को भी बनाया निशाना
जांच में यह भी पता चला कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को नौकरी का झांसा देकर फंसाया गया। उन पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के गंभीर आरोप हैं। इसके अलावा, संस्था की तीन महिला कर्मचारियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो छात्रों पर दबाव डालने और स्वामी चैतन्यानंद की मदद करने में संलिप्त पाई गई हैं।
Read More :