WB- कोयला घोटाला- ईडी की छापेमारी में करोड़ों नकद और जेवरात बरामद

By Anuj Kumar | Updated: February 12, 2026 • 10:26 AM

कोलकाता। कोयला तस्करी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात जब्त किए हैं। ताजा छापेमारी में ईडी को लगभग चार करोड़ रुपये की संपत्ति हाथ लगी है, जिससे इस बहुचर्चित घोटाले का दायरा और गहराता नजर आ रहा है।

छापेमारी में नकदी और सोने के जेवरात बरामद

ईडी सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों चिनमोय मंडल और किरण खान (Kiran Khan) के ठिकानों पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में नकदी और आभूषण मिले हैं। कार्रवाई के दौरान करीब 1.25 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए, जबकि लगभग 2.6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए गए। इसके अलावा 28 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी भी छिपाकर रखी गई थी, जिसे ईडी ने बरामद कर लिया है।

अन्य कारोबारी के यहां से भी मिली बड़ी रकम

जांच के दौरान एक अन्य कारोबारी के घर पर की गई छापेमारी में भी करीब एक करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। ईडी अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले की जांच करीब दो महीने पहले शुरू हुई थी और अब तक कुल चार करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

170 करोड़ से ज्यादा के घोटाले की आशंका

ईडी इससे पहले दावा कर चुकी है कि कोयला चोरी और उससे जुड़े भ्रष्टाचार में शामिल कुल राशि 170 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। जांच आगे बढ़ने के साथ यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण आखिर किस स्रोत से जुटाए।

‘लाला’ के जरिए खड़ा किया गया कोयला नेटवर्क

जांच में यह भी सामने आया है कि चिनमोय मंडल और किरण खान ने मुख्य आरोपी अनूप मांझी उर्फ ‘लाला’ के माध्यम से अपना कोयला तस्करी नेटवर्क खड़ा किया था। दोनों आरोपियों को पहले ही ईडी की विशेष अदालत में पेश किया जा चुका है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

अन्य पढ़े: बांग्लादेश चुनाव में खूनी संघर्ष

सीबीआई और ईडी कर रही संयुक्त जांच

गौरतलब है कि कोयला तस्करी मामले की जांच की शुरुआत वर्ष 2020 में सीबीआई ने की थी। राज्य में विभिन्न रेलवे साइडिंग से कोयला चोरी के खुलासे के बाद पहले आयकर विभाग और फिर सीबीआई ने जांच शुरू की। बाद में ईडी भी मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से मामले में शामिल हुई। इसी जांच के दौरान अनूप मांझी उर्फ लाला का नाम सामने आया, जिसका नाम पहले गाय तस्करी मामले के आरोपी इनामुल हक से भी जुड़ चुका है।

Read More :

# Money Laundirng News #CBI news #Coal Network News #ED news #Hindi News #Kiran Khan News #Latest news #west Bengal news