हैदराबाद। हैदराबाद (Hyderabad) में तेलंगाना पुलिस द्वारा आयोजित की जा रही 74वीं बी.एन. मलिक मेमोरियल ऑल इंडिया पुलिस फुटबॉल (India Police Football) चैंपियनशिप के आयोजन को लेकर डीजीपी बी. शिवधर रेड्डी ने अपने कार्यालय में संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीजीपी ने प्रतियोगिता की तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली और आयोजन को प्रतिष्ठापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।
2100 खिलाड़ी और अधिकारी शामिल होंगे : शिवधर रेड्डी
उन्होंने बताया कि यह मेगा फुटबॉल टूर्नामेंट 23 मार्च से 5 अप्रैल तक हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 53 टीमें भाग लेंगी, जिनमें लगभग 2100 खिलाड़ी और अधिकारी शामिल होंगे। डीजीपी ने बताया कि सभी टीमें 23 मार्च को हैदराबाद पहुंचेंगी, जबकि 25 मार्च को अपराह्न 3 बजे गच्चीबौली स्थित जीएमसी बालयोगी स्टेडियम में उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के लिए शहर एवं आसपास के विभिन्न खेल मैदानों का निरीक्षण कर उन्हें मैचों और अभ्यास सत्रों के लिए चिन्हित किया गया है। गच्चीबावली स्टेडियम तथा तेलंगाना पुलिस अकादमी सहित अन्य मैदानों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियां गठित
उन्होंने कहा कि आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई हैं तथा खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवास और परिवहन की पुख्ता व्यवस्था की गई है। डीजीपी ने जानकारी दी कि 5 अप्रैल को फाइनल मुकाबले के बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही फुटबॉल खिलाड़ियों के बीच एक एग्जीबिशन मैच आयोजित करने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है। बैठक के दौरान डीजीपी ने पिछले वर्ष 73वीं बी.एन. मलिक ऑल इंडिया पुलिस फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन करने वाले त्रिपुरा राज्य का दौरा कर लौटे पुलिस अधिकारियों से भी उनके अनुभवों की जानकारी ली। डीजीपी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टीमें 10 फरवरी से 10 मार्च तक ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
देशभर के पुलिस बलों के बीच एकता को बढ़ावा
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह प्रतियोगिता देशभर के पुलिस बलों के बीच खेल भावना और एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उच्चतम स्तर पर आयोजित की जाए। इस समीक्षा बैठक में आरबीवीआरआर तेलंगाना पुलिस अकादमी की निदेशक श्रीमती अभिलाषा बिष्ट, साइबराबाद पुलिस आयुक्त एम. रमेश, हैदराबाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त तफसीर इकबाल, आईजीपी (स्पोर्ट्स) गजराावु भूपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :