चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथी (Wild Elephant) का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते एक सप्ताह के भीतर हाथी के हमलों में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। सबसे हृदयविदारक घटना 6 जनवरी की रात नोवामुंडी प्रखंड के बाबरिया गांव (Babria Village) में हुई, जहां जंगली हाथी ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सोते समय घर पर हमला, पूरा परिवार उजड़ गया
जेटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबरिया गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे जंगली हाथी ने अचानक एक घर पर हमला कर दिया। उस वक्त घर के सभी सदस्य सो रहे थे। हमले में सनातन मेराल, उनकी पत्नी जोंकों कुई, उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी हमले में दूसरे परिवार के सदस्य मोगदा लागुरी की भी जान चली गई। हालांकि परिवार का एक बच्चा किसी तरह हाथी के हमले से बच निकलने में सफल रहा।
बाबरिया तक सीमित नहीं रहा कहर, दो और गांवों में मौत
हाथी का आतंक बाबरिया गांव तक ही सीमित नहीं रहा। बड़ा पासीया गांव में भी हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं लांपाईसाई गांव में हाथी ने एक अन्य ग्रामीण को रौंद डाला। दोनों गांवों में मृतकों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
वन विभाग अलर्ट, हाथी की लगातार निगरानी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हाथी (Elephant) की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का भरोसा दिलाया है।
हाथी हमले की तिथिवार घटनाएं
1 जनवरी: तीन गांवों में तीन मौतें
टोंटो प्रखंड के बांडीझारी गांव निवासी 35 वर्षीय मंगल सिंह हेंब्रम की हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई। इसी रात बिरसिंहहातु गांव के कुचुबासा टोली निवासी 55 वर्षीय उर्दूप बहंदा और सदर प्रखंड के रोरो ग्राम निवासी 57 वर्षीय विष्णु सुंडी की भी जान चली गई। इस दौरान मानी कुंटिया और सुखमति बहंदा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
2 जनवरी: मासूम की गई जान, बच्ची घायल
गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सायतवा गांव में हाथी ने 13 वर्षीय रेंगा कयोम को कुचलकर मार डाला।
वहीं चक्रधरपुर के बाईपी गांव में हाथी के हमले में 10 वर्षीय ढिंगी गागराई गंभीर रूप से घायल हो गई।
4 जनवरी: महिला की मौत, पति-पुत्र घायल
गोइलकेरा प्रखंड के संतरा वन क्षेत्र अंतर्गत अमराई कितापी गांव के तोपनोसाई टोले में दंतैल हाथी ने 47 वर्षीय महिला को कुचल दिया। इस हमले में महिला के पति रंजन टोपनो और 10 वर्षीय पुत्र काहिरा टोपनो घायल हो गए।
5 जनवरी: वन ग्राम में हमला, एक की मौत
संतरा वन क्षेत्र के मिस्त्रीबेड़ा वन ग्राम में हाथी के हमले में 50 वर्षीय जोंगा लागुरी की मौत हो गई, जबकि उनके पति चंद्र मोहन लागुरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
6 जनवरी: एक ही दिन में कई गांवों में कहर
गोइलकेरा के सोवा गांव में दंतैल हाथी ने कुंदरा बाहदा, उनके 6 वर्षीय पुत्र और 8 माह की बच्ची को मार डाला। 3 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसके बाद हाथी टोंटो प्रखंड के कुईलसूता गांव पहुंचा, जहां 21 वर्षीय जगमोहन सवईया को पटक-पटक कर मार डाला।
Read More :