Latest Hindi News :Sydney-हैदराबाद का साजिद निकला सिडनी आतंकी हमले का मास्टरमाइंड

By Anuj Kumar | Updated: December 17, 2025 • 10:59 AM

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बोंडी बीच पर हनुक्का पर्व मना रहे यहूदियों पर हुए आतंकी हमले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस हमले का मास्टरमाइंड साजिद अकरम (Master Mind Sajid Akram) मूल रूप से भारत का रहने वाला था और हैदराबाद से उसका संबंध सामने आया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, साजिद वर्ष 1998 में ऑस्ट्रेलिया चला गया था और लंबे समय से वहीं रह रहा था।

हैदराबाद का रहने वाला था साजिद अकरम

जांच में सामने आया है कि साजिद अकरम हैदराबाद (Hyderabad) का मूल निवासी था। ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद उसका अपने परिवार से संपर्क बेहद सीमित रहा। यहां तक कि वर्ष 2009 में पिता के निधन के बाद भी वह भारत नहीं आया और अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ।

टोली चौकी इलाके से मिला पारिवारिक पता

तेलंगाना पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने साजिद अकरम के परिवार का पता हैदराबाद के टोली चौकी स्थित अल हसनथ कॉलोनी से लगाया है। जानकारी के अनुसार साजिद के पिता सशस्त्र बलों से सेवानिवृत्त अधिकारी थे, जबकि उसका बड़ा भाई पेशे से डॉक्टर है।

27 साल में सिर्फ छह बार आया भारत

तेलंगाना के डीजीपी शिवधर रेड्डी (DGP Shivdhar Reddy) ने बताया कि साजिद ने भारत छोड़ने के बाद मुख्य रूप से संपत्ति से जुड़े मामलों के लिए मात्र छह बार ही देश की यात्रा की। उन्होंने कहा कि पिता की मौत के समय भी साजिद भारत नहीं लौटा, जिससे परिवार से उसकी दूरी स्पष्ट होती है।

आईएसआईएस की विचारधारा से था प्रभावित

डीजीपी शिवधर रेड्डी के अनुसार प्रारंभिक रिपोर्ट से संकेत मिले हैं कि साजिद अकरम आईएसआईएस की कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था। हालांकि, जांच एजेंसियों को उसके भारत में रहते हुए कट्टरपंथी गतिविधियों या किसी आपराधिक रिकॉर्ड के प्रमाण नहीं मिले हैं।

सिडनी में कट्टरपंथी बने पिता-पुत्र

ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों को आशंका है कि साजिद और उसके बेटे नवीद का कट्टरपंथीकरण सिडनी में ही हुआ। बताया गया है कि नवीद ने वर्ष 2019 से 2022 के बीच सिडनी में अरबी भाषा और धार्मिक पाठ्यक्रमों में भाग लिया था।

देसी बम और आईएसआईएस के झंडे बरामद

न्यू साउथ वेल्स के पुलिस आयुक्त माल लैन्योन के अनुसार, नवीद के वाहन से देसी बम और आईएसआईएस के दो झंडे बरामद किए गए हैं। इस हमले में करीब 40 लोग घायल हुए, जिनमें तीन भारतीय छात्र भी शामिल हैं। इनमें से दो छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है और वे अभी अस्पताल में भर्ती हैं।

Read More :

# DGP Shivdhar reddy News # ISIS News #Breaking News inhindi #Hindi News #Latest news #Master Mind Sajid Akram News #New Delhi news #New south Wales News