National- 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट

By Anuj Kumar | Updated: February 15, 2026 • 12:28 PM

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम (Kedarnath Dham) के कपाट 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ खोल दिए जाएंगे। तिथि की घोषणा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद रावल और धर्माचार्यों की मौजूदगी में की गई।

ओंकारेश्वर मंदिर में तय हुई कपाट खुलने की तिथि

महाशिवरात्रि के दिन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर (Omkareshwar Temple) में विधिवत पूजा के बाद पंचांग के अनुसार शुभ मुहूर्त निकाला गया। इसी दौरान केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की आधिकारिक तिथि घोषित की गई, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।

कपाट खुलने से पहले पूरी होंगी पारंपरिक रस्में

परंपरा के अनुसार 18 अप्रैल को भैरवनाथ पूजा संपन्न होगी। इसके बाद 19 अप्रैल को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से बाबा केदार की चल उत्सव डोली फाटा के लिए प्रस्थान करेगी। 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड में रात्रि विश्राम करेगी, जबकि 21 अप्रैल को केदारनाथ धाम पहुंचेगी। अगले दिन 22 अप्रैल को विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की भी तारीखें तय

चारधाम यात्रा के तहत बदरीनाथ धाम (Badarinath Dham) के कपाट 23 अप्रैल को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 6:15 बजे खुलेंगे। इस तिथि की घोषणा वसंत पंचमी के दिन की गई थी। वहीं गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट हर वर्ष की तरह अक्षय तृतीया पर खोले जाएंगे। इस बार अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को है, हालांकि सटीक मुहूर्त की घोषणा बाद में की जाएगी।

अन्य पढ़े: बांग्लादेश में BNP लहर, तारिक की डबल जीत!

चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट

चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और मंदिर समितियां व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और ठहरने से जुड़ी तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Read More :

# Gangotri Dham News # Yamunotri News #Badarinath Dham News #Breaking News in Hindi #Hindi News #Kedarnath dham news #Latest news #Omkareshwar Temple News #Uttrakhand news