Interview : महाराष्ट्र में जब चुनाव आते हैं तब भाषा विवाद को दी जाती है हवा : कृपाशंकर सिंह

By Ankit Jaiswal | Updated: August 2, 2025 • 2:33 PM

पूर्व गृह राज्यमंत्री का दावा – आगामी चुनाव में फिर होगी भाजपा की जीत

लखनऊ। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री भाजपा के वरिष्ठ नेता कृपाशंकर सिंह (Kripashankar Singh) ने शनिवार को कहा कि भाषा विवाद के लिए नहीं होती बल्कि भाषा संवाद के लिए होती है। बहुत कम एक-दुक्का मामला सामने आया है। मुंबई में जब महापालिका का चुनाव आता है तब वे (विपक्ष) चाहते हैं कि मुंबई महापालिका हमारे कब्जे में रहे, सालों से उनके कब्जे में रही है, अब उनके हाथ से जाती हुई दिखाई दे रही है, इसलिए इसे एक मुद्दा बनाने की कोशिश की है, लेकिन तब भी सफल नहीं हुआ और आज भी सफल नहीं होगा

स्वतंत्र वार्ता से विशेष बातचीत के दौरान जौनपुर जिले के खरका कालोनी स्थित अपने जनसम्पर्क कार्यालय पर श्री सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र (Maharashtra) और बंबई के सारे मतदाताओं ने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 288 में से 132 सीटें दी हैं। सहयोगी दलों को भी अच्छा समर्थन मिला। कुल मिलाकर जनता ने जो फैसला किया उससे ये लोग बौखला गए हैं। बौखलाहट का एक परिणाम है भाषा विवाद को मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है, जबकि ये मुद्दा न तो था, न तो है और न ही रहेगा।

यूपी की कानून व्यवस्था सबसे अच्छी

उन्होंने जौनपुर से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन के सवाल पर कहा कि इसका प्रयास मैं कई सालों से कर रहा हूं, उम्मीदें जगी हैं। प्रधानमंत्री जी को मैंने बताया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मेरी बातचीत हुई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मेरी बातचीत हुई है। समय सीमा तो नहीं बता सकता लेकिन सैद्धांतिक रूप से रेल विभाग ने इसे स्वीकार किया है। उत्तर प्रदेश सरकार के कार्य को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरे हिंदुस्तान में अगर कानून व्यवस्था सबसे अच्छी है कहीं की है तो उसका नाम है उत्तर प्रदेश।

इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में, विकास के मामले में लगातार 8 साल पूरे हुए है। 9 वें में प्रवेश किए हैं। एक-डेढ़ साल के बाद जब अगला विधानसभा चुनाव होगा तो उत्तर प्रदेश का जनमानस पूरी तरह से भाजपा के नेतृत्व में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में, सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सरकार बहुमत से बनेगी।

आने वाले समय में पक्का रुकेगा पलायन

कोरोना काल की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आपको बताने में खुशी होती है कि मुंबई से जौनपुर में जो लोग वहां से चले और यहां आने के बाद जो लोग डेलीवेज वाले थे जो रोज कमा खा रहे थे, अधिकतर लोग वापस महाराष्ट्र लौटे नहीं। यह उत्तर प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि है। यूपी में ही सभी लोगों को रोजी रोटी दी गई है। उदाहरण के रूप में अगर जौनपुर से ही लगभग 10 हजार लोग मुंबई से लौटकर जनपद में आए और जनपद में जो भी विकास के कार्य होते थे मनरेगा आदि में काम करने लगे। इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को साधूवाद देता हूं और पूरी टीम को बधाई देता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है मुझे लगता है कि आने वाले समय में खासकर रोजी रोटी के लिए पलायन नहीं होगा।

पार्टी का आदेश मेरे लिए अध्यादेश

आगे की रणनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरी अपनी रणनीति नहीं होती, मैं एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम करता हूं, मेरी महाराष्ट्र से भी जवाबदारी है। यहां भी है, लेकिन यहां चुनाव लड़ने की बाद मेरी जो जवाबदारी है, उसको कोशिश कर रहा हूं कि कुछ कर सकूं तो प्रयास में हूं। अभी चुनाव लड़ना नहीं लड़ना ये पार्टी तय करती है और पार्टी का आदेश, मेरे लिए अध्यादेश है। जौनपुर से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मुझे उम्मीदवारी दी, इसलिए मैं जौनपुर से उम्मीदवार बना। मेरी अपनी मर्जी या कोई अपनी मर्जी से चुनाव नहीं लड़ता। इच्छाएं होती है। जौनपुर मेरी जन्मस्थली है, इसीलिए पार्टी शीर्ष नेतृत्व को लगा कि यहां से चुनाव लड़ना चाहिए।

कृपाशंकर सिंह कौन हैं?

वह एक वरिष्ठ भारतीय राजनीतिज्ञ हैं, जो पहले भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़े थे और बाद में 2021 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। महाराष्ट्र सरकार में वे गृह राज्य मंत्री (Minister of State for Home) रहे, और मुंबई कांग्रेस प्रमुख के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

कृपाशंकर सिंह की महाराष्ट्र में क्या भूमिका है?

उन्होंने महाराष्ट्र में गृह मंत्रालय (Urban Home Affairs) के मंत्री पद पर कार्य किया था, और मुंबई कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष (2008–2012) के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी राजनीतिक छवि उत्तर भारतीय वोटर आधार तक विस्तारित करते हुए, वे राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरे के रूप में उभरे।

कृपाशंकर सिंह का जन्मस्थान क्या है?

उनका जन्म उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सहोदरपुर गाँव में हुआ था, और वे राजपूत समुदाय से संबंध रखते हैं।

Read Also : Operation Sindoor : दुनिया को ऑपरेशन सिंदूर से भारत की शक्ति व सामर्थ्य का अहसासः योगी

#BreakingNews #HindiNews #LatestNews BJP Leader Remarks BMC Election Strategy Kripashankar Singh Statement Mumbai Language Politics Opposition Allegations