West Bengal- कोलकाता में बड़ी कार्रवाई, पूर्व मंत्री सुजीत बोस गिरफ्तार, भर्ती घोटाले की जांच तेज

Read Time:  1 min
पूर्व मंत्री सुजीत बोस गिरफ्तार
पूर्व मंत्री सुजीत बोस गिरफ्तार
FONT SIZE
GET APP

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में राज्य के पूर्व दमकल एवं आपातकालीन सेवा मंत्री Sujit Bose को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। कथित नगर निगम भर्ती घोटाले में करीब साढ़े 10 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने यह कार्रवाई की। सुजीत बोस नई सरकार के कार्यकाल में गिरफ्तार होने वाले पहले बड़े टीएमसी नेता बन गए हैं।

“प्रसाद की तरह नौकरी बांटने” का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, सुजीत बोस पर आरोप है कि उन्होंने नगर निगम भर्ती प्रक्रिया में अयोग्य उम्मीदवारों को भी “प्रसाद की तरह” नौकरियां बांट दीं।ईडी का कहना है कि पूछताछ के दौरान उनके बयानों में कई विसंगतियां पाई गईं और वे जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे, जिसके बाद दिल्ली मुख्यालय से अनुमति मिलने पर गिरफ्तारी की गई।

दक्षिण दमदम नगर निगम भर्ती घोटाले से जुड़ा मामला

यह पूरा मामला दक्षिण दमदम नगर निगम में कथित तौर पर 329 अयोग्य उम्मीदवारों की अवैध भर्ती से जुड़ा है। जांच में सामने आया है कि भ्रष्टाचार केवल ग्रुप C और D तक सीमित नहीं था, बल्कि एम्बुलेंस ड्राइवर, सफाईकर्मी और स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती में भी अनियमितताएं हुईं। अयान शील की एजेंसी के माध्यम से OMR शीट में हेरफेर किए जाने के भी आरोप हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कई उम्मीदवारों को इंटरव्यू में शून्य अंक मिलने के बावजूद नौकरी दे दी गई।

गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी तबीयत

गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही सुजीत बोस की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। इसके बाद उनके परिजन दवाइयां लेकर ईडी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान एजेंसी ने उनका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।

राजनीतिक सफर और चुनावी हार

सुजीत बोस 2009 से बिधाननगर सीट से लगातार जीतते आ रहे थे, लेकिन हालिया चुनाव में उन्हें 37,000 से अधिक वोटों से हार का सामना करना पड़ा। वे कोलकाता की प्रसिद्ध श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा से भी जुड़े रहे हैं, जो कई बार बड़े आयोजनों और विवादों के कारण सुर्खियों में रही है।

अन्य पढें: सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल: चांदी ₹2.56 लाख के पार

ईडी की आगे की जांच

ईडी अब राज्य के अन्य नगर निगमों में हुई कथित 5,000 से अधिक अवैध भर्तियों की जांच कर रही है। एजेंसी का मानना है कि यह घोटाला और भी व्यापक हो सकता है और इसमें कई अन्य नाम सामने आ सकते हैं।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।