नई दिल्ली। मुंबई के (Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में केन्या से आई 24 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से करीब 37.74 करोड़ रुपये का सोना बरामद हुआ है।
गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई
डीआरआई अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि केन्या के नैरोबी से आने वाली कुछ महिलाएं सोना तस्करी में शामिल हैं। इसके बाद मुंबई पहुंची 24 विदेशी महिलाओं को एयरपोर्ट पर रोका गया और जांच शुरू की गई।
बैग और कपड़ों में छिपाकर लाया जा रहा था सोना
जांच के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं के बैग और कपड़ों से 25.10 किलोग्राम सोने की ईंटें और 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए। कुल मिलाकर 29.37 किलोग्राम सोना जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 37.74 करोड़ रुपये आंकी गई है।
‘ऑपरेशन धाहाबू ब्लिट्ज’ के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई डीआरआई की मुंबई जोनल यूनिट ने ‘ऑपरेशन धाहाबू ब्लिट्ज’ (‘Operation Dhaahabu Blitz’) के तहत अंजाम दी। माना जा रहा है कि यह इस साल मुंबई एयरपोर्ट पर हुई सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। ‘धाहाबू’ स्वाहिली भाषा में सोने को कहा जाता है।
तस्करी गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन महिलाओं को सोना छिपाने और सुरक्षा जांच से बचने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। इससे संकेत मिलता है कि इसके पीछे एक संगठित तस्करी गिरोह सक्रिय है। फिलहाल एजेंसियां गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हैं।
अन्य पढ़े: सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट: निवेश का सही समय?
आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तार सभी महिलाओं को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।
Read More :