युवा गुट ने रोक दी ट्रेन, समझाने के बाद मानें
पीलूपुरा में चल रही गुर्जर महापंचायत को लेकर समाज में दो गुट बन गए हैं। संयोजक विजय बैसला ने महापंचायत समाप्ति की घोषणा कर दी, क्योंकि सरकार का मसौदा सुनकर वरिष्ठों ने निर्णय लिया था। सरकार की ओर से भेजे गए ड्राफ्ट मसौदा पर बनी सहमति। इस फैसले से नाराज युवाओं ने रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन को रोक दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। रेलवे ट्रैक को अवरुद्ध कर दिया। काफी समझाइश के बाद करीब दो घंटे बाद युवा मान गए और रेल यातायात दोबारा से शुरू हो पाया।
युवाओं को समझाने का प्रयास, 2 घंटे बाद माना युवा गुट
प्रदर्शनकरियों का कहना है कि हम विजय बैसला का निर्णय नहीं मानते। पंच पटेल युवाओं को समझाने का प्रयास करते रहे, जबकि युवाओं का कहना है कि वे सरकार के फैसले से संतुष्ट नहीं हैं। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। प्रदर्शन कर रहे युवाओं को समझाइश दी गई। करीब दो घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक को खाली किया। युवाओं को महापंचायत वाली जगह पर बुलाया गया और समझाया गया। इसके बाद रेलवे का संचालन शुरू हो पाया।
कोटा तक दिखा आंदोलन का असर
गुर्जर आरक्षण आंदोलन का असर रविवार को कोटा रेल मंडल पर देखने को मिला। कोटा से होकर गुजरने वाली और रवाना होने वाली ट्रेन घंटों देरी से निकलीं। कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि हंगामे के दौरान दो घंटे तक दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक कोटा से दिल्ली और दिल्ली से कोटा आने वाली ट्रेनों को सवाई माधोपुर और नजदीकी स्टेशन पर रोका गया। वहीं बयाना से शाम 5 से 7 बजे के बीच गुजरने वाली गाड़ियों की गति कम की गई। सीनियर डीसीएम सौरभ जैन का कहना है कि संघर्ष समिति के फैसले पर कोटा रेल मंडल पहले से ही नजर बनाए हुए था।
युवा गुट के प्रदर्शन से ये ट्रेन हुईं प्रभावित
गुर्जर आंदोलन के चलते रेलवे ट्रैक करीब 2 घंटे तक जाम रहा जिसकी वजह से ट्रेन नंबर 20451 सोगरिया-नई दिल्ली एक्सप्रेस को सवाई माधोपुर के नजदीक रोका गया है। इसी तरह ट्रेन नंबर 20653 तिरुवंतपुरम सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस को सवाई माधोपुर के नजदीक रोक दिया गया है। ट्रेन नंबर 19109 कोटा-मथुरा एक्सप्रेस को सवाई माधोपुर के नजदीक रोका गया है। ट्रेन नंबर 19019 बांद्रा-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन को कोटा में रोका गया।ट्रेन नंबर 12401 कोटा-देहरादून नंदा देवी एक्सप्रेस को कोटा से 50 मिनट देरी से रवाना किया। वहीं कोटा से पटना और देहरादून जा रही ट्रेन भी घंटों देरी से कोटा से रवाना हुई।