National- पाकिस्तान में छपे नकली भारतीय नोट नेपाल के रास्ते बिहार में फैलाने का नेटवर्क सक्रिय

Read Time:  1 min
नकली भारतीय नोट
नकली भारतीय नोट
FONT SIZE
GET APP

नई दिल्ली,। पाकिस्तान में छपे भारतीय नोट बड़े पैमाने पर नेपाल (Nepal) के रास्ते बिहार पहुंच रहे हैं। नेपाल सीमा पार कराकर इन नोटों को बिहार के बाजारों में खपाया जा रहा है। छोटे नोट होने के कारण इन्हें आसानी से बाजार में चला दिया जा रहा है। पाकिस्तानी एजेंट (Pakistani Agent) नेपालियों के साथ मिलकर बिहार और उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के तस्करों के जरिए नकली नोट की खेप भेज रहे हैं। बिहार भेजे जा रहे नकली नोट की क्वालिटी उत्तम ग्रेड की बताई जा रही है, जिससे इन्हें सामान्य तौर पर पहचान पाना मुश्किल हो रहा है। इसी का फायदा उठाकर बाजारों में जाली नोट खपाए जा रहे हैं।

मोतिहारी से खुला नकली नोट नेटवर्क का राज

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार एसटीएफ ने 30 जनवरी को मोतिहारी के हरैया थाना क्षेत्र से नेपाल के बागमती प्रदेश निवासी नकली नोट तस्कर तिलक बहादुर और बारा जिले के गमरगावा निवासी सरोज कुमार को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से 18 हजार 500 रुपए के जाली भारतीय नोट बरामद किए गए। पूछताछ के बाद मोतिहारी पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज से छह और मधुबनी से एक अन्य नकली नोट तस्कर को गिरफ्तार किया। इनके पास से नकली नोट छापने वाला कागज भी बरामद हुआ।

सीमा पर एसटीएफ और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई

बता दें कि इससे पहले 29 जनवरी को बिहार एसटीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने मधुबनी के हरलाखी बॉर्डर इलाके से स्थानीय नकली नोट तस्कर मुकेश महतो और सिलकर पंडित को 34 हजार 600 रुपए के जाली भारतीय नोट के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से 200 रुपए के 173 नकली नोट मिले थे। नोटों की छपाई इतनी बेहतरीन थी कि पहचान करना आसान नहीं था। वहीं, मधुबनी के नो-मेंस-लैंड इलाके से मंगलवार को 14 लाख रुपए के जाली भारतीय नोट जब्त किए गए, जहां एसएसबी ने दो तस्करों को पकड़ा।

बिहार पुलिस और एसटीएफ अलर्ट मोड में

रिपोर्ट के अनुसार, लगातार नेपाल बॉर्डर से नकली नोट की खेप भारत पहुंचने के बाद बिहार एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, दरभंगा और मधुबनी समेत कई जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया है। तिरहुत रेंज के डीआईजी ने वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर की पुलिस को सतर्क रहने और सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

मोबाइल डेटा से बड़े नेटवर्क का सुराग

मोतिहारी और मधुबनी से गिरफ्तार तस्करों के पास से विशेष टीम ने 13 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल की जांच में नकली नोट के बड़े नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। दर्जनों संदिग्धों की सूची तैयार कर बिहार एसटीएफ कार्रवाई में जुट गई है। तस्करों के मोबाइल में नेपाल से लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैले नकली नोट के धंधेबाजों से जुड़े लिंक मिलने की बात सामने आई है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।