जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले में बालेश्वर के प्रशांत सत्पथी की मौत की एनआईए जांच कर रही है। एनआईए की टीम बालेश्वर पहुंची और मृतक प्रशांत के परिवार से बंद कमरे में पूछताछ की।
बालेश्वर। धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू कश्मीर में इस महीने की 22 तारीख को आतंकियों ने 26 बेकसूर पर्यटकों की हत्या कर दी थी।
इस हत्याकांड में मारे गए बालेश्वर के इशानी गांव निवासी प्रशांत सत्पथी भी अपनी पत्नी प्रियदर्शिनी और नौ साल के बेटे के साथ जम्मू कश्मीर घूमने गए थे। आतंकियों ने प्रशांत को बेहद नजदीक से सिर पर गोली मारी थी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
केंद्र सरकार ने इस घटना की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी है। एनआईए की टीम घटना के दूसरे दिन से ही जम्मू कश्मीर पहुंच गई और घटना की बेहद बारीकी से जांच कर रही है।
इसी के तहत आज दोपहर दिल्ली से एनआईए की टीम बालेश्वर के इशानी गांव पहुंची है। मृतक प्रशांत सत्पथी इसी गांव के रहने वाले थे। एनआईए की टीम जिसमें तीन वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, वह प्रशांत के घर पहुंच कर उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी और उनके नौ साल के बेटे से घटना के बारे में पूछताछ कर रहे हैं।
यह पूछताछ बंद कमरे में की जा रही है। मीडिया के किसी अन्य अधिकारी या व्यक्ति को वहां जाने की इजाजत नहीं दी गई है। एनआईए की टीम की जांच लगातार जारी है। टीम हर पहलू से रूबरू होना चाह रही है, जिससे आतंकी घटना में शामिल सभी लोगों को जांच के दायरे में लाया जा सके।
red:more :Tahawwur Hussain Rana :तहव्वुर राणा को दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचते ही हिरासत में लिया एनआईए ने