कन्नूर (केरल)। कन्नूर जिले के कन्नपुरम क्षेत्र (Kannapuram) में शनिवार सुबह एक किराए के मकान में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मृतक का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जोरदार धमाके के बाद किराए का मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। धमाके की तीव्रता से आसपास के कई घरों की दीवारें और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस को देसी बम विस्फोट का शक
पुलिस को आशंका है कि यह हादसा देसी बम तैयार करने के दौरान हुआ। प्रारंभिक जांच में अवैध विस्फोटक सामग्री (Illegal explosive material) के इस्तेमाल की संभावना जताई गई है। फिलहाल मृतक की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है, जबकि घर के भीतर कितने लोग मौजूद थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
विस्फोट के बाद मौके पर फोरेंसिक विशेषज्ञ (Forensic Expert) और बम निरोधक दस्ते की टीम पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा करने का कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में यह घटना इलाके में अवैध बम निर्माण की बढ़ती समस्या की ओर इशारा करती है।
कन्नूर में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
कन्नूर में अवैध बम निर्माण की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। अप्रैल 2024 में भी पनूर क्षेत्र में इसी तरह हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। विशेषज्ञों का मानना है कि राजनीतिक संदर्भों में अक्सर ऐसे विस्फोटक बनाए जाते हैं, जो बड़े हादसों का कारण बन जाते हैं।
Read More :