Bihar-अब आरामदायक होगी पटना एयरपोर्ट की बोर्डिंग, मौसम से मिलेगी राहत

By Anuj Kumar | Updated: February 8, 2026 • 11:27 AM

पटना,। पटना एयरपोर्ट (Patna Airport) से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब विमान में बोर्डिंग के दौरान न तो सर्दियों में ठिठुरन झेलनी पड़ेगी और न ही गर्मियों में चिलचिलाती धूप या बरसात में परेशानी होगी। अब पैसेंजर्स टर्मिनल से सीधे विमान में बोर्ड कर सकेंगे। यह सुविधा हाल ही में पटना एयरपोर्ट पर ऑपरेशनल किए गए एयरोब्रिज के जरिए संभव हुई है।

अब सीधे टर्मिनल से विमान में होगी बोर्डिंग

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट (International Airport) पर अब तक यात्रियों की बोर्डिंग दो चरणों में होती थी। पहले चरण में चेक-इन और प्री-इंबार्केशन सिक्योरिटी चेक के बाद यात्रियों को बस गेट पर इंतजार करना पड़ता था।

बस से विमान तक जाने की झंझट खत्म

दूसरे चरण में यात्रियों को बोर्डिंग गेट (Boarding Gate) से बस में बैठाकर विमान तक ले जाया जाता था, जहां एक बार फिर लाइन में लगकर बोर्डिंग करनी पड़ती थी। लेकिन अब एयरोब्रिज की मदद से यात्री टर्मिनल से सीधे विमान में प्रवेश कर सकेंगे।

एक साल में यात्रियों को मिली कई नई सुविधाएं

रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच पटना एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों को कई अहम सुविधाएं दी गई हैं, जिससे उनका ट्रैवल एक्सपीरियंस काफी बेहतर हुआ है।

मल्टी-लेवल पार्किंग से मिली राहत

मई 2025 में यात्रियों को पार्किंग की बड़ी सुविधा दी गई। एयरपोर्ट पर 750 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी-लेवल पार्किंग शुरू की गई है। यह पार्किंग टर्मिनल से 150 मीटर लंबे ट्रैवलेटर से जुड़ी हुई है, जिससे आने-जाने में आसानी होती है।

नई टर्मिनल बिल्डिंग बनी बड़ी सौगात

जून 2025 में यात्रियों को नई टर्मिनल बिल्डिंग की सौगात दी गई। करीब 65,150 वर्ग मीटर में फैले इस टर्मिनल की सालाना क्षमता एक करोड़ यात्रियों की है। टर्मिनल को नालंदा और मधुबनी की स्थानीय कला-संस्कृति से सजाया गया है।

एग्जीक्यूटिव लाउंज और प्रीमियम सुविधाएं

एयरपोर्ट पर दिल्ली-मुंबई एयरपोर्ट्स की तर्ज पर दो एग्जीक्यूटिव लाउंज शुरू किए गए हैं। इनमें हाई-स्पीड वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग, स्नैक्स और अखबार जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पुराने लाउंज की कमियों को दूर कर इन्हें बिजनेस और ट्रांजिट यात्रियों के लिए तैयार किया गया है।

तीन नए एयरोब्रिज से तेज हुई बोर्डिंग

दिसंबर में पटना एयरपोर्ट पर तीन नए एयरोब्रिज चालू किए गए। इससे बोर्डिंग और डिबोर्डिंग प्रक्रिया तेज हो गई है। तेज धूप और बारिश में यात्रियों को होने वाली दिक्कतों से भी राहत मिली है।

नए टर्मिनल में हाई-टेक चेक-इन सिस्टम

नए टर्मिनल में 64 चेक-इन काउंटर, स्वचालित काउंटर और 9 एटीआरएस सिस्टम लगाए गए हैं। डिजी यात्री गेट्स के जरिए अब कॉन्टैक्ट-फ्री यात्रा संभव हो सकी है।

सिक्योरिटी चेकिंग और वेटिंग टाइम में कमी

डिपार्चर टर्मिनल में सिक्योरिटी चेकिंग एरिया का विस्तार किया गया है। चार कन्वेयर बेल्ट्स लगाए जाने से यात्रियों का वेटिंग टाइम कम हुआ है।

डिजी यात्रा से पेपरलेस और तेज सफर

पटना एयरपोर्ट के सभी एंट्री गेट्स को डिजी यात्रा से जोड़ा गया है। इसके जरिए अब यात्री बिना किसी रुकावट के सिक्योरिटी प्रक्रिया पूरी कर पा रहे हैं। चेक-इन से लेकर बोर्डिंग तक की प्रक्रिया अब पूरी तरह पेपरलेस और तेज हो गई है।

अन्य पढ़े: जुमे की नमाज़ के दौरान शिया मस्जिद में धमाका

इनलाइन एक्स-रे सिस्टम से दोहरी लाइन खत्म

नए टर्मिनल में 8 इनलाइन एक्स-रे बगैज स्कैनिंग मशीनें लगाई गई हैं। इसके बाद यात्रियों को बैग स्कैनिंग और चेक-इन के लिए अलग-अलग लाइनों में नहीं लगना पड़ता। अब दोनों प्रक्रियाएं एक साथ पूरी हो जाती हैं।

Read More :

#Airobridze News #ATRS News #Boarding Gate News #Hindi News #Latest news #Madhubani news #Media Report news #Passenger News #Patna Airport News #Terminal News