Politics : दिल्ली में भाजपा की एकतरफा जीत, ‘आप’ की झोली खाली

By Kshama Singh | Updated: June 2, 2025 • 8:14 PM

दिल्ली नगर निगम के जोनल चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैनों के चुनाव में भाजपा ने एकतरफा भारी जीत हासिल की है। पार्टी ने आठ निगम क्षेत्रों में चेयरमैन और नौ क्षेत्रों में डिप्टी चेयरमैन का पद जीत लिया है। अभी पार्टी एक से दो और महत्त्वपूर्ण पदों पर जीत हासिल कर सकती है। भाजपा ने जहां नगर निगम के चुनाव में एकतरफा जीत हासिल की है, वहीं, पिछले नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर सत्ता में पहुंची आम आदमी पार्टी आप का पत्ता साफ हो गया है।

जनता ने ‘आप’ को नकारा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के वार्ड समितियों के साथ ही स्थाई समिति के चुनाव के नतीजों में उनकी पार्टी की जीत यह बताने के लिए पर्याप्त है कि जनता ने आम आदमी पार्टी को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एक बिखरती हुई पार्टी है। विधानसभा चुनाव से ही यह साफ हो गया था कि जनता का समर्थन आम आदमी पार्टी से दूर जा चुका है। अब उसके जन प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी उससे छिटकते जा रहे हैं।

‘आप’ के पार्षदों ने…

नगर निगम में बजट निर्धारण में स्टैंडिंग कमेटी की भूमिका बहुत महत्त्वपूर्ण होती है। आम आदमी पार्टी के पार्षदों के द्वारा नई पार्टी बना लेने और भाजपा का मेयर बन जाने के बाद इस बदले समीकरण में भाजपा का दिल्ली नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी में भी जीत तय मानी जा रही है। इसके बाद भाजपा का नगर निगम पर भी पूरी तरह कब्जा हो जाएगा। भाजपा का अनुमान है कि अभी वह एक जोनल चेयरमैन का चुनाव और जीत सकती है। इसके बाद नगर निगम में उसका दबदबा हो जाएगा।

# Paper Hindi News #Breaking News in Hindi #Google News in Hindi #Hindi News Paper AAP breakingnews latestnews trendingnews