Jaisalmer : राष्ट्रपति मुर्मू पहली बार लड़ाकू हेलिकॉप्टर में उड़ान

By Surekha Bhosle | Updated: February 26, 2026 • 11:46 AM

पाकिस्तान बॉर्डर के पास राजस्थान के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज (जैसलमेर) में भारतीय वायुसेना का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास ‘वायु शक्ति-2026’ कल (27 फरवरी) होगा।

युद्धाभ्यास में सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) भी मौजूद रहेंगी। वे 2 दिवसीय (26 और 27 फरवरी) जैसलमेर दौरे पर हैं। तय शेड्यूल के अनुसार- राष्ट्रपति 27 फरवरी को कॉम्बैट हेलिकॉप्टर (LCH) ‘प्रचंड’ में उड़ान भरेंगी।

इस दौरान वे युद्धाभ्यास क्षेत्र का हवाई मुआयना करेंगी। यह पहली बार होगा, जब राष्ट्रपति जैसलमेर की सीमावर्ती एयरस्पेस में किसी लड़ाकू हेलिकॉप्टर (combat helicopter) की सह-पायलट बनेंगी।

इसके बाद वे वायुसेना स्टेशन पर अधिकारियों और जांबाजों के साथ संवाद कर उनका हौसला बढ़ाएंगी। शाम को राष्ट्रपति पोकरण रेंज पहुंचेंगी, जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में ‘वायु शक्ति’ युद्धाभ्यास की शुरुआत होगी

इस दौरान आसमान से बरसती आग और सटीक निशानों के जरिए वायुसेना अपनी मारक क्षमता का प्रदर्शन करेगी।

आसमान से बरसेगी स्वदेशी मारक क्षमता

‘वायु शक्ति-2026’ में प्रचंड के अलावा राफेल, सुखोई-30 MKI और अपाचे जैसे विमान भी अपनी ताकत दिखाएंगे। राष्ट्रपति की इस यात्रा को सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जैसलमेर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चांधन से लेकर पोखरण तक पूरे इलाके को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भारतीय वायुसेना के विमानों से पुराना और गहरा नाता रहा है। वे न केवल सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर हैं, बल्कि उन्होंने खुद फ्रंटलाइन फाइटर जेट्स में उड़ान भरकर देश के जवानों का हौसला बढ़ाया है।

सुखोई और राफेल में भर चुकी हैं उड़ान

राष्ट्रपति मुर्मू ने 29 अक्टूबर, 2025 को अंबाला स्थित ‘गोल्डन एरोज’ स्क्वॉड्रन के राफेल विमान में उड़ान भरकर एक नया इतिहास रचा था। वे दो अलग-अलग लड़ाकू विमानों (सुखोई और राफेल) में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बनीं।

ये भी पढ़ें: Shilong- मेघालय विधानसभा में अनोखा दृश्य, विधायक पत्नी ने CM पति से किए तीखे सवाल

करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर लगभग 700 किमी/घंटा की रफ्तार से उन्होंने राफेल की ताकत को महसूस किया था। राष्ट्रपति मुर्मू ने असम के तेजपुर बेस से 8 अप्रैल 2023 को सुखोई-30 MKI में करीब 30 मिनट की उड़ान भरी थी।

उन्होंने हिमालय की चोटियों और ब्रह्मपुत्र घाटी के ऊपर से गुजरते हुए विमान की मारक क्षमता और वायुसेना की तैयारियों का जायजा लिया था।

वे सुखोई में उड़ान भरने वाली देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति बनीं थीं। इससे पहले प्रतिभा पाटिल उड़ान भर चुकी हैं।

ये भी पढ़ें:

#BreakingNews #HindiNews #IndianAirForce #VayuShakti2026 #PokhranExercises #LatestNews