MP- ग्वालियर में स्कॉर्पियो और ऑटो में भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

By Anuj Kumar | Updated: March 27, 2026 • 12:17 PM

ग्वालियर। ग्वालियर में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बस स्टैंड (Bus Stand) के पास परशुराम चौराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

तड़के 3 बजे हुआ भीषण हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ, जब एक परिवार शीतला माता मंदिर (Sheeta Mata Temple) से दर्शन कर ऑटो से लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (एमपी 21 जेडई 5911) ने ऑटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान जान गंवा दी।

पुलिस से बचने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक (Scorpio Driver) ने इससे पहले बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद पुलिस उसका पीछा कर रही थी। बचने के लिए चालक तेज रफ्तार में गाड़ी भगाते हुए भाग रहा था, तभी उसने परशुराम चौराहे पर ऑटो को टक्कर मार दी।

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शुभम उर्फ लाली (30), उनकी पत्नी शगुन, ताऊ इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), ताई लीला बाई (52) और मेरठ निवासी सास प्रीति (60) के रूप में हुई है।

घायल बच्चों सहित चार की हालत गंभीर

घायलों में 5 और 6 साल के दो मासूम बच्चे प्रियांश और आरव, 20 वर्षीय युवती प्रीति और ऑटो चालक शामिल हैं। सभी को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां ऑटो चालक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अतुल कुमार सोनी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, धर्मवीर यादव ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह नशे में था या नहीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Read More :

# Paper Hindi News #Breaking News in Hindi #BreakingNews #Bus Stand News #Google News in Hindi #Hindi News #Hindi News Paper #HindiNews #Latest news #LatestNews #Mp news #Sheetla Mata Temple News breakingnews latestnews trendingnews