नई दिल्ली। दीपावली से पहले फंसे भारतीयों के चेहरों पर अब मुस्कान लौट आई है। एअर इंडिया (Air India) ने इटली के मिलान से दिल्ली के लिए एक विशेष उड़ान का संचालन किया है, ताकि उन 250 से अधिक यात्रियों को स्वदेश लाया जा सके जो तकनीकी खराबी के कारण कई दिनों से वहां रुके हुए थे।
ड्रीमलाइनर में आई तकनीकी खराबी से फंसे यात्री
शुक्रवार को एअर इंडिया के ड्रीमलाइनर विमान (Dreamliner Aeroplane) में आई तकनीकी समस्या के चलते उड़ान रद्द करनी पड़ी थी। इससे यात्रियों में निराशा फैल गई थी, क्योंकि उनमें से कई दीवाली पर अपने घर नहीं पहुंच पाने की चिंता में थे।
एअर इंडिया ने बढ़ाई मरम्मत प्रक्रिया की रफ्तार
एअर इंडिया ने रविवार को एक बयान में बताया कि प्रभावित यात्रियों को समय पर भारत लाने के लिए मिलान में विमान की मरम्मत प्रक्रिया को तेज किया गया। इसके साथ ही एक अतिरिक्त उड़ान (AI-138D) संचालित करने की अनुमति ली गई, जो मिलान से रवाना होकर 20 अक्टूबर की सुबह दिल्ली पहुंचेगी।
रद्द हुई थी 17 अक्टूबर की उड़ान
एयरलाइंस ने बताया कि यह उड़ान उन यात्रियों को समायोजित करेगी जिनकी 17 अक्टूबर को उड़ान (AI-138) तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई थी। एयर इंडिया की टीमें लगातार यात्रियों के संपर्क में रहीं और उन्हें अन्य विकल्पों की जानकारी दी।
यात्रियों को मिला नई फ्लाइट का विकल्प
कंपनी ने बताया कि यात्रियों को मौजूदा बुकिंग बनाए रखने या इस अतिरिक्त उड़ान पर स्विच करने का विकल्प दिया गया है। इस बीच मिलान में फंसे यात्रियों ने सोशल मीडिया पर पर्याप्त सुविधाओं की कमी को लेकर कई पोस्ट भी साझा किए थे
त्योहार से पहले लौटने की राहत
एअर इंडिया की इस पहल से अब यात्रियों को दीवाली अपने घर पर मनाने का मौका मिलेगा। तकनीकी खराबी से उत्पन्न असुविधा के बावजूद एयरलाइन ने समय पर कार्रवाई कर राहत पहुंचाई है।
Read More :