महाराष्ट्र । महाराष्ट्र के नासिक जिले (Nasik District) से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। दिंडोरी तालुका में देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पानी से भरे कुएं में गिर गई, जिसमें सवार एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दंपति और उनके छह बच्चे शामिल हैं।
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
यह हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे दिंडोरी के शिवाजी नगर (Shivaji Nagar) इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि दरगुडे परिवार के सदस्य एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक छूट गया और कार सीधे सड़क किनारे बने गहरे कुएं में जा गिरी। कुएं में पानी भरा होने के कारण किसी को बचने का मौका नहीं मिल सका।
राहत-बचाव में जुटीं टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत के बाद कार और सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में मातम का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनील दत्तु दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे (32) और परिवार के छह बच्चों के रूप में हुई है। बच्चों में सात से 14 साल की उम्र की पांच लड़कियां और 11 साल का एक लड़का शामिल है।
अन्य पढ़े: Hyderabad : ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वयं सहायता समूहों के भवन निर्माण में तेजी
हादसे की जांच जारी
दिंडोरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सड़क की स्थिति, वाहन की रफ्तार और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
Read More :