UP News : आज 45 के पार जाएगा पारा? मौसम विभाग ने किया अलर्ट

By Ankit Jaiswal | Updated: June 11, 2025 • 12:08 PM

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में भीषण गर्मी, पारा बढ़ने से गर्मी बढ़ी

यूपी में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों के लिए अलर्ट जारी किया है। आज पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में मामूली राहत मिल सकती है। यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को झांसी का पारा 46 डिग्री के पार निकल गया। प्रदेश के एक दर्जन से ज्यादा ऐसे शहर रहे जहां तापमान 43 डिग्री के पार रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में भीषण गर्मी पड़ सकती है। पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में जरूर मौसम मंगलवार की तुलना में थोड़ा बेहतर हो सकता है।

बिजली नहीं होने से दी जाए जनरेटर की सुविधा

प्रदेश में हीटवेब की चेतावनी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी अस्पतालों के अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि हीटवेब के मरीजों के लिए कूलिंग वार्ड तैयार रखा जाए। उनके उपचार संबंधी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। दवा, जांच आदि के माकूल इंतजाम रखे जाएं। अन्य वार्डों में भी कूलर, पंखे और एसी को नियमित रूप से संचालित किया जाए। बिजली नहीं होने की स्थिति में जनरेटर सुविधा दी जाए।

12 जिलों में अधिकतम पारा 43 डिग्री से रहा ज्यादा

समूचा उत्तर प्रदेश प्रचंड गर्मी की चपेट में है। आसमान से बरस रही आग झुलसाने वाली तपिश दे रही है। मंगलवार को बुंदेलखंड, आगरा मंडल और दिल्ली एनसीआर के जिले सर्वाधिक गरम रहे। झांसी में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। 12 जिलों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ज्यादा रहा। इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के लिए कुछ राहत के संकेत दिए हैं। यहां 11 से 12 जून के बीच हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं, पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में अभी राहत की उम्मीद नहीं हैं। अगले दो दिन तक यहां लू चलने के संकेत हैं।

लखनऊ में अधिकतम पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा

भीषण गर्मी के चलते नौ बजे के बाद ही घर से निकलना भारी पड़ रहा है और दोपहर आते-आते खून सूखा देने वाली गर्मी महसूस हो रही है। प्रयागराज में 10 जून का दिन पिछले तीन साल में सबसे अधिक गर्म रहा। अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ, आगरा, बांदा, वाराणसी, बुलंदशहर में भी तपिश और गर्म हवा के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे। लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

# Paper Hindi News #Breaking News in Hindi #Google News in Hindi #Hindi News Paper breakingnews health latestnews trendingnews UP UP NEWS