मदनी ने कहा- संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का खुला उल्लंघन
ईरान और इजराइल युद्ध के बीच अमेरिका द्वारा ईरान (Iran) पर की गई बमबारी की जमीयत उलमा ए हिंद ने कड़े शब्दों में निंदा की है। जमीयत अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने इसे अमेरिका की खुली आक्रामकता और अंतरराष्ट्रीय समझौतों तथा संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का खुला उल्लंघन करार दिया है। जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी (Mahmood Asad Madani) ने ईरान पर हाल ही में अमेरिका द्वारा की गई बमबारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय समझौतों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का घोर उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि इजरायल अब पश्चिम एशिया में खून-खराबे और आतंकवाद का केंद्र बन गया है, जिसे अमेरिका से पूरा संरक्षण मिल रहा है। महमूद असद मदनी ने कहा कि अमेरिका ने अपनी आक्रामक नीतियों के माध्यम से लगातार दुनिया को नुकसान पहुंचाया है और पश्चिम एशिया में उसकी उपस्थिति एक उपचारात्मक शक्ति से जहर के स्रोत में बदल गई है।
पूरा क्षेत्र इन शैतानी साजिशों का शिकार होता रहेगा…
मौलाना मदनी ने जोर देकर कहा कि जब तक पश्चिम एशियाई देश एकजुट होकर अपनी धरती से अमेरिकी ठिकानों को नहीं हटाते, तब तक इस क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित नहीं हो सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्यथा पूरा क्षेत्र इन शैतानी साजिशों का शिकार होता रहेगा, जैसा कि इराक, अफगानिस्तान और लीबिया के साथ हुआ और अब ईरान के खिलाफ भी यही घिनौना खेल दोहराया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी शक्तिशाली देश को अपने विवेक से दुनिया में कहीं भी सैन्य बल का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। इस तरह की हरकतें न केवल अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि वैश्विक अविश्वास, घृणा और अस्थिरता को भी बढ़ावा देती हैं।
…तत्काल इस मामले का गंभीरता से नोटिस लें: मौलाना मदनी
मानवता को सार्वभौमिक रूप से स्वीकृत सिद्धांतों का पालन करना चाहिए, और कोई भी कदम जो निर्दोष लोगों को निशाना बनाता है, मानवाधिकारों को रौंदता है, और वैश्विक शांति को खतरे में डालता है, उसे अस्वीकार्य माना जाना चाहिए। इसका मुकाबला केवल कूटनीतिक बयानों से नहीं, बल्कि दृढ़ कार्रवाई से किया जाना चाहिए। मौलाना मदनी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, संयुक्त राष्ट्र, न्यायप्रिय देशों और शांतिप्रिय वर्गों से अपील की कि वह तत्काल इस मामले का गंभीरता से नोटिस लें। युद्धविराम की कोशिशों को प्राथमिकता दें और शक्तिशाली तथा आक्रामकता फैलाने वाले तत्वों को कानून के दायरे में लाने के लिए सामूहिक कार्रवाई करें।
- IIT Patna: क्रिकेट खेलते समय छात्र की दर्दनाक मौत
- RR vs GT Match : गिल की तूफानी पारी, राजस्थान के सामने दो सौ तीस रन का लक्ष्य
- Denmark Strait : समुद्र के नीचे दुनिया का सबसे बड़ा जलप्रपात
- Bhavitha Mandava : मेट गाला में भविता मंडवा के लुक पर विवाद
- RR vs GT live Score : शुभमन गिल का अर्धशतक, गुजरात की मजबूत शुरुआत