कोलंबो । श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्वकप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी ऑलराउंडर दासुन शनाका (Dasun Shnaka) को सौंपी गई है। चयनकर्ताओं ने अनुभव और हालिया फॉर्म को ध्यान में रखते हुए टीम का चयन किया है।
कामिंदु मेंडिस की टीम में वापसी
टीम में कामिंदु मेंडिस (Kamindu Mendis) की वापसी हुई है, जो नवंबर 2025 के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल पाए थे। अब तक खेले गए 35 टी20 मुकाबलों में मेंडिस ने 3 अर्धशतक की मदद से 540 रन बनाए हैं। चयनकर्ताओं ने उनके पिछले प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें फिर से मौका दिया है।
धनंजय डी सिल्वा बाहर
चयनकर्ताओं ने अनुभवी ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा (Dhananjay D Silva) को इस बार टीम से बाहर रखा है। इस साल उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। तीन पारियों में वह सिर्फ 43 रन बना सके, जबकि गेंदबाजी में भी केवल एक विकेट ही ले पाए। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में प्रभाव न छोड़ पाने के कारण उन्हें 15 सदस्यीय स्क्वॉड में जगह नहीं मिली।
अनुभव के भरोसे कप्तान बने शनाका
दासुन शनाका को उनके अनुभव और टी20 फॉर्मेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण कप्तानी सौंपी गई है। उन्होंने अब तक 123 टी20 मैचों में 1743 रन बनाने के साथ-साथ 43 विकेट भी झटके हैं।
ईशन मलिंगा की फिटनेस पर नजर
तेज गेंदबाज ईशन मलिंगा को भी टीम में शामिल किया गया है, हालांकि उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान उनके कंधे में चोट लग गई थी, जिसके बाद से वह मैदान से बाहर चल रहे हैं।
बल्लेबाजी और गेंदबाजी की जिम्मेदारी तय
टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी पाथुम निसांका, कुसल मेंडिस, चरिथ असलंका और कुसल परेरा पर होगी। वहीं युवा खिलाड़ी पवन रत्नायके को भी टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने हालिया टी20 मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी आक्रमण की कमान मथीशा पथिराना, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षणा और दुश्मंथा चमीरा संभालेंगे।
ग्रुप बी में रखी गई श्रीलंकाई टीम
श्रीलंका को टी20 विश्वकप में ग्रुप बी में रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी। ग्रुप में उसे ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान और जिम्बाब्वे से मुकाबला करना है।
अन्य पढ़े: बजट 2026: क्या हुआ सस्ता और कहाँ बढ़ा महंगाई का बोझ?
श्रीलंकाई टीम (15 सदस्य)
दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, चरिथ असलंका, कामिंदु मेंडिस, जनिथ लियानागे, पवन रत्नायके, दुनिथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षणा, दुश्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, ईशन मलिंगा।
Read More :