हैदराबाद । अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (Law and Order ) महेश एम. भागवत ने कहा कि अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निरंतर सतर्कता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि छोटी-सी असावधानी (Negligence) भी गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है।
अग्निशमन विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम
वे बुधवार को हैदराबाद स्थित डीजीपी कार्यालय में अग्निशमन विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम ‘फायर वीक’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। भागवत ने कहा कि अग्नि दुर्घटनाओं की स्थिति में समय रहते और धैर्यपूर्वक की गई कार्रवाई से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने सलाह दी कि आग लगने पर तत्काल फायर कंट्रोल रूम को 101 नंबर पर सूचना दी जाए तथा बिना विलंब भवन को खाली कर दिया जाए।
आपात स्थिति में लिफ्ट का उपयोग न करें : महेश एम. भागवत
आपात स्थिति में लिफ्ट का उपयोग न करने और केवल सीढ़ियों का ही प्रयोग करने पर उन्होंने विशेष बल दिया। उन्होंने बताया कि अधिक धुएं की स्थिति में व्यक्ति को जमीन के समीप रहकर रेंगते हुए बाहर निकलना चाहिए तथा नाक और मुंह को गीले कपड़े से ढंक लेना चाहिए। यदि किसी के वस्त्रों में आग लग जाए तो भागने के बजाय ‘रुकें, लेटें और लुढ़कें’ (स्टॉप, ड्रॉप एंड रोल) की विधि अपनानी चाहिए, जिससे आग को प्रभावी रूप से बुझाया जा सके।
बुनियादी जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल
उन्होंने विद्यालयों, अस्पतालों तथा बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा के प्रति बुनियादी जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के अधिकारियों द्वारा आपात स्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में आईजीपी (पी एंड एल) गजराव भूपाल, आरएफओ हरिचंद्र रेड्डी, डीएफओ वेंकन्ना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :