हैदराबाद । तेलंगाना सरकार ने कैंसर उपचार (Cancer Treatment) को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए निम्स में अत्याधुनिक लिनियर एक्सेलेरेटर (एलआईएनएसी) सेवाओं का शुभारंभ किया है। इस नई तकनीक के जरिए कैंसर मरीजों को अब अधिक सटीक और प्रभावी रेडिएशन थेरेपी उपलब्ध होगी। स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा (Damodar Rajanarasimha)ने निम्स कैंसर ब्लॉक में लगभग 33 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित नई लीनियर एक्सीलरेटर सेवाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद, मंत्री ने महिलाओं के लिए एक कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का उद्घाटन किया।
राज्य में कैंसर उपचार प्रणाली और मजबूत होगी
मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि एलआईएनएसी सेवा शुरू होने से राज्य में कैंसर उपचार प्रणाली और मजबूत होगी। इस आधुनिक तकनीक की मदद से ट्यूमर पर ही सटीक प्रभाव डाला जा सकेगा, जबकि आसपास के स्वस्थ ऊतकों को सुरक्षित रखा जा सकेगा। साथ ही ट्रूबीम सिस्टम के जरिए कम समय में बेहतर परिणाम हासिल करना संभव होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में हर साल लगभग 55 से 60 हजार नए कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। ऐसे में सरकार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है और कैंसर को शुरुआती चरण में पहचानने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चला रही है। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक कैंसर उपचार पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

गरीबों को भी अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराने का लक्ष्य
इस दौरान मंत्री ने कैंसर को ”नोटिफायबल डिजीज” घोषित करने की भी घोषणा की, जिससे हर मामले का अनिवार्य पंजीकरण होगा और एक सटीक कैंसर रजिस्ट्री तैयार की जा सकेगी। इससे भविष्य की स्वास्थ्य योजनाओं को और बेहतर तरीके से बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गरीबों को भी अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराया जाए, जिसके लिए सरकारी अस्पतालों को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में पालीएटिव केयर सेवाएं भी शुरू की गई हैं। मंत्री ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम में मंत्री पोन्नम प्रभाकर, सांसद अनिल कुमार यादव और अन्य लोगों ने भाग लिया।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :