Crime : तीन अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, 28.61 लाख की संपत्ति बरामद

Read Time:  1 min
गिरफ्तार
गिरफ्तार
FONT SIZE
GET APP

हैदराबाद। कमिश्नर टास्क फोर्स की गोलकोंडा (Golconda) जोन टीम ने बंजारा हिल्स पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मकान चोरी और बाइक चोरी की वारदातों में शामिल तीन अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, एक दोपहिया वाहन और नकदी बरामद की गई है। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 28.61 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार (arrest) आरोपियों में तंजीम जाकिर अली उर्फ तंजीम अली (30), मोहम्मद सद्दाम (32) और शानवाज उर्फ शानवाज खान (29) शामिल हैं। तीनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और वर्तमान में तलाबकट्टा, जहांगीर नगर, हैदराबाद में रह रहे थे।

उत्तर प्रदेश में कपड़ों की दुकान में काम करते थे आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 160.84 ग्राम सोने के आभूषण, 666 ग्राम चांदी के आभूषण, एक स्प्लेंडर बाइक तथा 3,28,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद संपत्ति बंजारा हिल्स, एसआर नगर, दबीरपुरा और तुकारामगेट थाना क्षेत्रों में दर्ज विभिन्न मामलों से संबंधित है। जांच में सामने आया कि तंजीम अली और सद्दाम उत्तर प्रदेश में कपड़ों की दुकान में काम करते थे, लेकिन आय कम होने के कारण उन्होंने हैदराबाद आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की साजिश रची। उनका साथी शानवाज खान हैदराबाद में शेफ के रूप में कार्यरत था। फरवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में तीनों हैदराबाद पहुंचे।

UP में रिश्तेदार रिजवान को सौंपे गए थे आभूषण

आवागमन के लिए उन्होंने तुकारामगेट क्षेत्र से एक स्प्लेंडर बाइक चोरी की और लोहे की रॉड व पेचकस की मदद से बंजारा हिल्स, एसआर नगर और दबीरपुरा क्षेत्रों में कई घरों में सेंधमारी कर सोना, चांदी और नकदी चोरी की। चोरी का माल तलाबकट्टा स्थित उनके ठिकाने पर रखा गया था तथा कुछ आभूषण उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए उनके रिश्तेदार रिजवान को सौंपे गए थे। टास्क फोर्स और बंजारा हिल्स पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पांच मामलों में संलिप्तता स्वीकार की है। यह गिरफ्तारी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एम. इकबाल सिद्दीकी (टास्क फोर्स) के पर्यवेक्षण तथा इंस्पेक्टर आर. वेंकटेश, डिटेक्टिव इंस्पेक्टर एस.के. कवीउद्दीन और उपनिरीक्षक के. वेंकटरमणा एवं उनकी टीम की निगरानी में की गई। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Read Telugu News: https://vaartha.com/

यह भी पढ़ें :

Ajay Kumar Shukla

लेखक परिचय

Ajay Kumar Shukla

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।