हैदराबाद । इंटरमीडिएट (Intermediate) पब्लिक परीक्षाओं 2026 (Examination) के परिणाम रविवार को घोषित किए गए, जिनमें इस वर्ष कुल 75.61 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। यह पिछले वर्ष की तुलना में चार प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है। दूसरे वर्ष की सामान्य परीक्षा में 4,11,474 नियमित परीक्षार्थियों में से 3,11,112 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे उत्तीर्णता दर 75.61 प्रतिशत रही।
एक बार फिर बालिकाओं का बेहतर प्रदर्शन
परिणाम में बालिकाओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए बालकों की तुलना में 12.79 प्रतिशत अधिक सफलता दर्ज की। दूसरे वर्ष में 2,12,930 बालिकाओं ने 81.78 प्रतिशत उत्तीर्णता दर्ज की, जबकि 1,98,544 बालकों का उत्तीर्णता प्रतिशत 68.99 रहा। सामान्य और व्यावसायिक दोनों धाराओं को मिलाकर कुल 5,07,948 विद्यार्थियों का समग्र उत्तीर्णता प्रतिशत 70.58 रहा।
इन बेबसाइटों पर देखा जा सकता है रिजल्ट
परिणामों की घोषणा सरकार के सलाहकार (जनसंपर्क) के. केशव राव तथा शिक्षा विभाग की सचिव योगिता राणा ने की। परिणाम https://tgbie.cgg.gov.in तथा http://results.cgg.gov.in पर उपलब्ध हैं। इस वर्ष 2,33,299 विद्यार्थियों ने ‘ए’ ग्रेड (75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक) प्राप्त किए। इसके अलावा 79,957 विद्यार्थियों ने ‘बी’ ग्रेड (60 से 75 प्रतिशत), 23,318 विद्यार्थियों ने ‘सी’ ग्रेड (50 से 60 प्रतिशत) तथा 5,452 विद्यार्थियों ने ‘डी’ ग्रेड (35 से 50 प्रतिशत) प्राप्त किया। प्रथम वर्ष की परीक्षाओं में 4,41,863 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 66.94 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए। इसमें भी बालिकाओं ने 74.43 प्रतिशत सफलता के साथ बालकों (59.21 प्रतिशत) से बेहतर प्रदर्शन किया।
महबूबाबाद का प्रदर्शन 48.1 प्रतिशत के साथ सबसे कम
जिलावार प्रदर्शन में मेडचल जिले ने 77.02 प्रतिशत के साथ सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया, जबकि महबूबाबाद जिले का प्रदर्शन 48.1 प्रतिशत के साथ सबसे कम रहा। दूसरे वर्ष में जयशंकर भूपालपल्ली जिले ने 81.95 प्रतिशत के साथ सर्वोच्च तथा सिरसिला जिले ने 55.68 प्रतिशत के साथ न्यूनतम प्रदर्शन दर्ज किया। पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः सत्यापन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 100 रुपये तथा स्कैन कॉपी एवं पुनः सत्यापन के लिए 800 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन 13 से 20 अप्रैल तक वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकते हैं।
पूरक परीक्षाएं एक माह के भीतर : शिक्षा सचिव
शिक्षा विभाग की सचिव योगिता राणा ने बताया कि पूरक परीक्षाएं एक माह के भीतर आयोजित की जाएंगी तथा इनमें उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी डिग्री पाठ्यक्रम में नियमित विद्यार्थियों के समान ही माने जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बीसी कल्याण कॉलेजों के विद्यार्थियों के उत्तीर्णता प्रतिशत में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा बालिकाओं का प्रदर्शन विशेष रूप से बेहतर रहा है। इस वर्ष से सभी विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पूरक परीक्षाएं 13 मई से शुरू होंगी तथा प्रयोगात्मक परीक्षाएं 22 मई से आयोजित की जाएंगी।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :