Latest Hindi News : Weather-ठंड और कोहरे का कहर, यूपी–बिहार में 6 मौतें; स्कूल बंद

By Anuj Kumar | Updated: December 20, 2025 • 11:51 AM

नई दिल्ली/जयपुर/लखनऊ। उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी (Harsh Winter) और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में दृश्यता 10 मीटर से भी कम रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। हादसों में यूपी-बिहार (UP-Bihar) में अब तक 6 लोगों की जान चली गई है, जबकि कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

राजस्थान में सबसे ज्यादा ठंड, फतेहपुर-माउंट आबू में 4 डिग्री

राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर और सिरोही के माउंट आबू (Mount Abu) में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कई हिस्सों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार 10 जिलों में 22 और 23 दिसंबर को घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। 24 दिसंबर से तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में घना कोहरा, 129 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोहरे और धुंध के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को 129 फ्लाइट्स कैंसिल की गईं। वहीं शुक्रवार को 79 डिपार्चर और 73 अराइवल फ्लाइट रद्द करनी पड़ी थीं। इसके अलावा नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से चलने वाली कई ट्रेनें देरी से रवाना हुईं।

मध्य प्रदेश में कोहरे की चादर, ट्रेनें लेट

मध्य प्रदेश के करीब 20 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। कोहरे के चलते दिल्ली से भोपाल और इंदौर आने वाली कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। सुबह के समय सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यूपी में कोहरे से हादसे, 4 की मौत; स्कूल बंद

उत्तर प्रदेश के 50 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह 9 बजे तक कई इलाकों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और दृश्यता बेहद कम रही। संभल जिले में कोहरे के कारण ट्रक और बाइक की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। मौसम को देखते हुए राज्य के 8 जिलों में 19 और 20 दिसंबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

Read Also : असम में हाथियों से टकराई राजधानी, 5 डिब्बे बेपटरी, 8 हाथियों की मौत

बिहार में कोल्ड डे, 2 युवकों की मौत

बिहार के 24 जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले दो दिनों से कई जिलों में धूप नहीं निकली है। सारण, दरभंगा और मुंगेर में स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। अररिया में घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में 2 युवकों की मौत हो गई।

आगे और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिलहाल कुछ इलाकों में राहत जरूर मिली है, लेकिन 24 दिसंबर के बाद उत्तर भारत में एक बार फिर ठंड और कोहरे का प्रकोप बढ़ सकता है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Read More :

# New Delhi Airport News # UP Bihar News #Breaking News in Hindi #Harsh Winter News #Hindi News #Latest news #Rajasthan news #Uttar Pradesh news