रायपुर में 33° तक पहुंचा पारा
फरवरी के महीने में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय लोगों को तेज गर्मी का एहसास होने लगा है।
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी
रातें भी हो रहीं गर्म- मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे रात के समय भी सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री (3 degrees) सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद अगले 7 दिनों तक प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा।
प्रदेश में बीते 24 घंटों की बात करें तो सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.9°C रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान (8.3°C) अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर की बात की जाए तो सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 18°C के आसपास रहने की संभावना है। इस बीच मौसम के स्थिर रहने से ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता नजर आएगा, वहीं दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है।
फरवरी, ठंड की वापसी का माह
रायपुर की बात करें तो जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी आसमान आमतौर पर साफ बना रहता है और सतही हवाएं हल्की रहती हैं। हालांकि उत्तर भारत से गुजरने वाले पश्चिमी विक्षोभों के असर से कभी-कभार मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
इस दौरान बादल छाने के साथ गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनती हैं। कुछ मौकों पर आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चलती हैं। सर्दियों के असर के कम होते ही न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जाती है।
कुछ स्थितियों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी चला जाता है। इसके साथ ही कुछ वर्षों में फरवरी महीने में अच्छी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है।
फरवरी में ऐसा रहता है रायपुर का मौसम
- दिन का तापमान (31.1°C)फरवरी में दिन आमतौर पर हल्के गर्म रहते हैं। धूप तेज होती है, लेकिन ज्यादा तपिश नहीं होती।
- रात का तापमान (16.9°C)रात और सुबह का मौसम हल्का ठंडा रहता है। जैकेट या स्वेटर की जरूरत कभी-कभी पड़ सकती है।
- औसत बारिश (16.3 मिमी)पूरे महीने में बहुत कम बारिश होती है। यानी ज्यादातर दिन सूखे रहते हैं।
- बारिश वाले दिन (औसतन 1-2 दिन)फरवरी में आमतौर पर सिर्फ 1 या 2 दिन ही बारिश होती है, वो भी हल्की।
- नमी / उमस (61% से 35%)सुबह के समय हवा में नमी ज्यादा रहती है, इसलिए हल्की ठंड या धुंध महसूस हो सकती है। दिन चढ़ने पर हवा सूखी हो जाती है।
- हवा की रफ्तार (4.2 किमी/घंटा)हवा बहुत हल्की चलती है, जिससे मौसम शांत बना रहता है।
- गरज-चमक (0.4 दिन)पूरे महीने में कभी-कभार ही बादल गरजने या बिजली चमकने की स्थिति बनती है।
अन्य पढ़े: Khushbu daughter Avantika : खुशबू की बेटी अवंतिका का डेब्यू, मलयालम में एंट्री
रायपुर में 1893 को पड़ी थी सबसे ज्यादा ठंड
रायपुर में फरवरी महीने में अब तक की सबसे ज्यादा ठंड 9 फरवरी 1893 को पड़ी थी। उस दिन तापमान सिर्फ 5 डिग्री तक गिर गया था। वहीं सबसे ज्यादा गर्म दिन 28 फरवरी 2009 रहा, जब तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था।
यानी फरवरी में भी कभी-कभी मई जैसी गर्मी पड़ सकती है। 4 फरवरी 1917 को सिर्फ 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यह फरवरी के लिहाज से बहुत ज्यादा बारिश मानी जाती है। इसके अलावा 1901 में फरवरी महीने के दौरान कुल 118.9 मिमी बारिश हुई थी।
अन्य पढ़े: