Weather- झारखंड में बदला मौसम: रांची में झमाझम बारिश, कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी

By Anuj Kumar | Updated: March 11, 2026 • 3:24 AM

रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। राजधानी रांची (Ranchi) में मंगलवार रात करीब आठ बजे तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। राज्य के गुमला, खूंटी, धनबाद, रामगढ़ और हजारीबाग (Hazaribagh) समेत कई जिलों में भी शाम के समय बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।

कई जिलों में बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 10 और 11 मार्च को राज्य के कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई है। 10 मार्च को रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर (Deoghar) जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में थंडरिंग के साथ बारिश हुई। वहीं 11 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई गई है।

15 मार्च को रांची में फिर हो सकती है बारिश

मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची में 10 मार्च को दिनभर आंशिक बादल छाए रहे, जो शाम तक गरज वाले बादलों में बदल गए। 11 मार्च को भी दोपहर बाद बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि 12 से 14 मार्च के बीच मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन 15 मार्च को रांची में फिर से मेघ गर्जन के साथ बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

अन्य पढ़े:  सऊदी अरब में मिसाइल हमला, भारतीय समेत दो की मौत; 12 घायल

सरायकेला-खरसावां रहा सबसे गर्म

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला-खरसावां में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Read More :

# Jharkhand news # weather news #Breaking News in Hindi #Deoghar News #Dhanbad News #Hazaribagh Nerws #Hindi News #Latest news #Ranchi News #Yellow Alert News