अडानी को पीछे छोड़ पहुंचे 21वें पायदान पर
नई दिल्ली: हंगरी मूल के अरबपति थॉमस पीटरफी(Thomas Peterffy) आज दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार हैं। 21 साल की उम्र में बिना पैसे और बिना अंग्रेजी जाने अमेरिका (USA) पहुंचे पीटरफी अब 75.8 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। उन्होंने भारत के उद्योगपति गौतम अडानी (Gautam Adani) को पीछे छोड़ दिया है, जिनकी नेटवर्थ वर्तमान में 74.9 अरब डॉलर है। पीटरफी दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन ब्रोकिंग कंपनी इंटरएक्टिव ब्रोकर्स के चेयरमैन हैं।
संघर्ष से शुरुआत और सफलता की उड़ान
पीटरफी(Thomas Peterffy) का जन्म द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 1944 में हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में हुआ था। सोवियत संघ (Soviet Union) के कब्जे के बाद उन्होंने 1965 में हंगरी छोड़ दिया और 21 वर्ष की आयु में अमेरिका का रुख किया। तब न उनके पास पैसे थे और न ही अंग्रेजी की जानकारी। लेकिन उन्होंने कंप्यूटर प्रोग्रामिंग में दिलचस्पी दिखाई और जल्द ही वॉल स्ट्रीट से जुड़ गए।
साल 1977 में उन्होंने ऑप्शंस ट्रेडिंग की शुरुआत की और अमेरिकन स्टॉक एक्सचेंज में एक सीट खरीदी। इसके बाद उन्होंने तकनीक का इस्तेमाल करके ट्रेडिंग को ऑटोमेट करने की दिशा में कदम बढ़ाए। वर्ष 1982 में टिम्बर हिल नामक कंपनी बनाई, जिसने हैंड-हेल्ड कंप्यूटरों से ट्रेडिंग की प्रक्रिया को नया आयाम दिया।
इंटरएक्टिव ब्रोकर्स से अरबों की कमाई
साल 1995 में पीटरफी(Thomas Peterffy) ने इंटरएक्टिव ब्रोकर्स की नींव रखी। यह कंपनी इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग सेवाएं उपलब्ध कराती है। साल 2007 में इसे पब्लिक कर दिया गया और आज यह दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन ब्रोकिंग कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी का मुख्यालय ग्रीनविच में है और पीटरफी इसमें अपनी होल्डिंग कंपनी IBG Holdings के जरिए तीन-चौथाई हिस्सेदारी रखते हैं।
आज 90 साल के हो चुके पीटरफी फ्लोरिडा के पाम बीच में रहते हैं। उनकी अधिकांश संपत्ति इंटरएक्टिव ब्रोकर्स से आती है। राजनीति में भी उनकी भूमिका रही है और उन्होंने 2016 में डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव अभियान में योगदान दिया था। इसके अलावा उनकी होल्डिंग कंपनी कॉनयर्स इन्वेस्टमेंट्स की न्यूजमैक्स में लगभग 18% हिस्सेदारी है।
थॉमस पीटरफी की नेटवर्थ कितनी है?
थॉमस पीटरफी की कुल संपत्ति वर्तमान में 75.8 अरब डॉलर है। इस साल उनकी नेटवर्थ में 22.6 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है, जिससे वह गौतम अडानी से आगे निकल गए।
गौतम अडानी की मौजूदा स्थिति क्या है?
गौतम अडानी की संपत्ति इस साल 3.79 अरब डॉलर घटकर 74.9 अरब डॉलर रह गई है। इसके चलते वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 22वें स्थान पर आ गए हैं।
इंटरएक्टिव ब्रोकर्स की शुरुआत कब हुई?
इंटरएक्टिव ब्रोकर्स की स्थापना साल 1995 में हुई थी। यह कंपनी इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग को आसान बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी और आज यह दुनिया की अग्रणी ऑनलाइन ब्रोकिंग कंपनियों में शामिल है।
अन्य पढ़े: