मुंबई । बॉलीवुड की यादगार कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम’ (welcome) ने रिलीज के साथ ही दर्शकों को हंसी, पागलपन और दमदार किरदारों का ऐसा पैकेज दिया, जिसे 18 साल बाद भी उतनी ही शिद्दत से याद किया जाता है। मुश्ताक खान का मशहूर डायलॉग “मेरी एक टांग नकली है…” हो या सुप्रिया कार्निक का “देखो वो जिंदा है”, फिल्म का हर सीन आज भी लोगों की यादों में ताजा है।
18 साल बाद फिर ताजा हुईं ‘वेलकम’ की यादें
अब जब ‘वेलकम’ को रिलीज हुए 18 साल पूरे हो चुके हैं, तो फिल्म से जुड़ी यादें एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इस खास मौके पर फिल्म के कलाकारों और दर्शकों ने इसे याद करते हुए सोशल मीडिया पर अपने-अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
अनिल कपूर ने फिरोज खान को दिया सुपरहिट का श्रेय
इस मौके पर अभिनेता अनिल कपूर (Anil Kapoor) ने फिल्म की सफलता का श्रेय दिवंगत अभिनेता-निर्माता फिरोज खान (Firoj Khan) को देते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अनिल कपूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म की कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं और लिखा कि ‘वेलकम’ फिरोज खान के बिना अधूरी होती।
“आरडीएक्स के बिना ‘वेलकम’ अधूरी है”
अनिल कपूर ने अपने पोस्ट में लिखा कि जिस तरह ‘मिस्टर इंडिया’ मोगैम्बो के बिना अधूरी है, उसी तरह ‘वेलकम’ आरडीएक्स के बिना अधूरी है। उन्होंने साफ कहा कि फिरोज खान की जगह कोई नहीं ले सकता और उनका योगदान फिल्म की आत्मा था।
स्क्रिप्ट पर संदेह और अनीस बज्मी का भरोसा
अनिल कपूर ने यह भी साझा किया कि जब उन्होंने पहली बार फिल्म की स्क्रिप्ट सुनी थी, तो उन्हें संदेह हुआ था कि यह फिल्म आखिर बनेगी कैसे। उन्हें लगा था कि कहानी कहीं ठहर जाती है, लेकिन निर्देशक अनीस बज्मी ने भरोसा दिलाया था कि फिरोज खान इस फिल्म को संभाल लेंगे—और उन्होंने वाकई ऐसा ही किया।
आरडीएक्स किरदार ने दी फिल्म को अलग पहचान
अनिल कपूर के मुताबिक, आरडीएक्स का किरदार ही फिल्म को एक अलग ऊंचाई पर ले गया। फिरोज खान का अंदाज, उनका पागलपन और उनका करिश्मा ही ‘वेलकम’ की जान बन गया। फिल्म में आरडीएक्स गैंग का लीडर था, जिसके अंडर मंजनू भाई और उदय शेट्टी जैसे किरदार काम करते थे।
दर्शकों की पसंद बनी यादगार तिकड़ी
अनिल कपूर, नाना पाटेकर और फिरोज खान की तिकड़ी को दर्शकों ने हाथोंहाथ लिया। फिरोज खान का मशहूर डायलॉग “ये राज भी उन्हीं के साथ चला गया” आज भी मीम्स और आम बातचीत में जिंदा है।
Read Also : एएमयू कैंपस में घुसे नकाबपोश, कंप्यूटर शिक्षक को गोली मारकर फरार
फिरोज खान की आखिरी फिल्म बनी ‘वेलकम’
‘वेलकम’ फिरोज खान के करियर की आखिरी फिल्म साबित हुई। साल 2009 में उनके निधन के बाद यह फिल्म उनके अभिनय और करिश्मे की एक अमिट याद बनकर रह गई।
Read More :