रेलवे में नौकरी (Job) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पश्चिमी रेलवे ने अप्रेंटिस के 5,349 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह भर्ती प्रक्रिया रेलवे रिक्रूटमेंट सेल के माध्यम से पूरी की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 21 फरवरी 2026 सुबह 11 बजे से 23 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट rrc-wr.com के जरिए स्वीकार किए जाएंगे।
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह शैक्षणिक योग्यता के आधार पर किया जाएगा, जिससे लाखों अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
लिखित परीक्षा नहीं, सीधे मेरिट से चयन
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार कुल 5,349 अप्रेंटिस पद भरे जाएंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट (Merit) लिस्ट पर आधारित होगी। 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया होगी।
चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष की ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें नियमानुसार स्टाइपेंड (Stipend) भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने पर अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जो भविष्य में रेलवे या अन्य संस्थानों में रोजगार पाने में सहायक साबित हो सकता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 10वीं (मैट्रिक) कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित ट्रेड जैसे फिटर, वेल्डर, टर्नर, मैकेनिस्ट, वायरमैन, पाइप फिटर, प्लंबर या स्टेनोग्राफर में एनसीवीटी से मान्यता प्राप्त संस्थान से आईटीआई सर्टिफिकेट होना जरूरी है। जिन अभ्यर्थियों का 10वीं या आईटीआई का परिणाम लंबित है, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट या डिप्लोमा धारक इस अप्रेंटिस भर्ती के लिए योग्य नहीं माने जाएंगे। आयु सीमा 15 से 24 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी—एससी/एसटी को 5 वर्ष, ओबीसी को 3 वर्ष और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को 10 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
अन्य पढ़े: बांग्लादेश में BNP लहर, तारिक की डबल जीत!
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
रेलवे में अप्रेंटिस के रूप में काम करना युवाओं के लिए करियर की मजबूत शुरुआत माना जाता है। बिना परीक्षा चयन की इस प्रक्रिया से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
Read More :