शेख हसीना का रोल निभाकर हुई थीं मशहूर
नुसरत फारिया बांग्लादेश की पॉपुलर एक्ट्रेस हैं, जिन्हें एक मर्डर केस में गिरफ्तार किया गया है. एक्ट्रेस ने 2023 की फिल्म ‘मुझिब: द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ में शेख हसीना का रोल निभाकर लोकप्रियता पाई थी।
नई दिल्ली: मशहूर बांग्लादेशी एक्ट्रेस नुसरत फारिया मुश्किलों से घिर गई हैं. उन्हें दर्शक फिल्म ‘मुझिब: द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ की वजह से जानते हैं, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का रोल निभाकर खूब वाहवाही लूटी थी. उन्हें ढाका के शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया है, जिससे उनके फैंस हैरान और परेशान हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह गिरफ्तारी जुलाई 2024 में शेख हसीना के खिलाफ हुए आंदोलनों के दौरान हत्या के प्रयास के केस से जुड़ी है।
नुसरत फारिया सिर्फ 31 साल की हैं. प्रथम आलोक अखबार के अनुसार, एक्ट्रेस को थाईलैंड जाते समय इमिग्रेशन चेकपॉइंट पर रोका गया. उनके खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में एक केस दर्ज है. एक्ट्रेस के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. बांग्लादेश में आंदोलनों के कारण शेख हसीना को इस्तीफा देना पड़ा और बाद में वे भारत चली आईं।
शेख हसीना का निभाया था रोल
- बड्डा जोन के सहायक पुलिस आयुक्त शफीकुल इस्लाम ने प्रथम आलोक को एक्ट्रेस की गिरफ्तारी की पुष्टि की. नुसरत फारिया को 2023 की फिल्म ‘मुझिब: द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ में शेख हसीना की भूमिका के लिए काफी पहचान मिली थी. यह फिल्म बांग्लादेश और भारत के संयुक्त प्रयास से बनाई गई थी और इसे मशहूर निर्देशक श्याम बेनेगल ने निर्देशित किया था।
- बंगाली फिल्मों में किया खूब काम
नुसरत फारिया ने एक्टिंग को करियर के रूप में अपनाने से पहले रेडियो जॉकी और प्रेजेंटर के रूप में काम किया था. उन्होंने 2015 में बांग्लादेश-भारत के सहयोग से बनी ‘आशिकी: ट्रू लव’ से डेब्यू किया था. उन्होंने तब से कई बांग्लादेशी और भारतीय फिल्मों में अभिनय किया. वे ज्यादातर बंगाली फिल्मों में नजर आईं. वे टेलीविजन होस्टिंग और मॉडलिंग में भी सक्रिय हैं।