सरदार जी 3 के ट्रेलर में नजर आयी पाकिस्तानी एक्ट्रेस हनिया आमिर
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी अपकमिंग पंजाबी कॉमेडी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। ऐसे में दिलजीत ने रविवार शाम को ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर लॉन्च किया। इस ट्रेलर में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हनिया आमिर भी नजर आ रही हैं। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बढ़ती अटकलों के बावजूद ट्रेलर में वो लीड रोल में नजर आईं। इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स काफी भड़के हुए हैं। सोशल मीडिया पर फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग हो रही है।
दिलजीत ने शेयर किया ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर
रविवार शाम दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘सरदार जी 3′ का ट्रेलर लॉन्च किया है। इस ट्रेलर वीडियो को शेयर करते हुए दिलजीत ने लिखा, ”सरदार जी 3′ 27 जून को केवल विदेशों में रिलीज होगी। फढ़ लाओ भौंड़ दी लत्तन।’ भारतीय दर्शकों ने तुरंत नोटिस किया कि देश में ट्रेलर को जियो-ब्लॉक कर दिया गया है। YouTube पर वीडियो चलाने पर यह मैसेज आता है, ‘अपलोडर ने यह वीडियो आपके देश में उपलब्ध नहीं कराया है।’
हानिया के फिल्म से हटाने की चर्चाओं पर लगा विराम
दरअसल, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर, जो मुख्य भूमिका निभा रही हैं, को फिल्म से हटा दिया जाएगा। इस हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी और भारत-पाकिस्तान के रिश्ते और भी खराब हो गए थे। हालांकि, ट्रेलर में हानिया की मौजूदगी ने उन अफवाहों पर विराम लगा दिया है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बाद भारत में हनिया का इंस्टाग्राम अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया गया है। उन्होंने भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत को लेकर विरोधी टिप्पणियां की थीं।
हानिया के अलावा ये पाकिस्तानी कलाकार भी शामिल
11 जून को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से आग्रह किया था कि वह सरदार जी 3 का सर्टिफिकेशन रोक दें क्योंकि, इसमें पाकिस्तानी कलाकार भी शामिल हैं। हनिया आमिर के अलावा, पाकिस्तानी कलाकारों में नासिर चिन्योती, डेनियल खावर और सलीम अलबेला भी फिल्म में हैं।
दिलजीत पर फूटा लोगों का गुस्सा
दिलजीत की फिल्म सरदार जी 3 को सोशल मीडिया पर बॉयकॉट करने की मांग हो रही है। एक यूजर ने लिखा- ‘दिलजीत ने पहलगाम पर एक ट्वीट नहीं किया था, कारण थी उनकी ये फिल्म। बैन करो।’ एक ने कहा- ‘कंगना रनौत सही थी।’ एक ने लिखा- ‘दिलजीत देशद्रोही है। दिलजीत प्रो पाकिस्तानी है। इस फिल्म को सपोर्ट नहीं मिलना चाहिए।’ ऐसे कई और कमेंट्स में दिलतीज के लिए लोगों का जमकर गुस्सा फूट रहा है।