चित्तूर ज़िले में वन भूमि पर कब्जा जमाने वाले पूर्व मंत्री पेद्दी रेड्डी रामचंद्रा रेड्डी और उनके परिवार के सदस्यों पर आपराधिक मामलों के साथ-साथ वन अधिनियमों के तहत भी मामले दर्ज करने का निर्देश उपमुख्यमंत्री एवं वन, पर्यावरण मंत्री पवन कल्याण ने विभाग के उच्चाधिकारियों को दिया है।
पेद्दी रेड्डी परिवार वन भूमि पर कब्जा कर रहा था

पवन कल्याण ने कहा कि यदि पेद्दी रेड्डी परिवार वन भूमि पर कब्जा कर रहा था, और अधिकारी उन्हें रोक नहीं पाए, तो उन अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए।
चित्तूर ज़िले में पेद्दी रेड्डी रामचंद्रा रेड्डीपरिवार द्वारा वन, सरकारी और बुग्ग मठ की भूमि पर कब्जा करने के आरोपों की जांच विजिलेंस और एन्फोर्समेंट डीजी ने की और रिपोर्ट पवन कल्याण को सौंपी।
डीजी ने सिफारिश की कि कब्जाधारकों पर आपराधिक मामले दर्ज किए जाएं और जिन अधिकारियों ने भूमि की रक्षा नहीं की, उन्हें ज़िम्मेदार ठहराया जाए।
रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद, पवन कल्याण ने वन भूमि पर कब्जों को लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ चर्चा की। इसके बाद उन्होंने विजिलेंस और एन्फोर्समेंट डीजी की सिफारिशों के अनुसार कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।