बोले राजेंद्र – जांच में करुंगा पूरा सहयोग
हैदराबाद। भाजपा सांसद और पूर्व मंत्री एटाला राजेंद्र ने स्पष्ट किया कि उन्हें कालेश्वरम परियोजना पर न्यायमूर्ति पीसी घोष आयोग से अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई नोटिस नहीं मिला है, लेकिन उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच आने पर वह इसमें पूरा सहयोग करेंगे। वह उन मीडिया रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिनमें कहा गया था कि आयोग ने पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और पूर्व मंत्री टी हरीश राव के साथ उन्हें भी नोटिस भेजा है।
नोटिस मिलने पर पार्टी नेतृत्व से करुंगा चर्चा : राजेंद्र
उन्होंने रिपोर्ट के पीछे के तर्क पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैं किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हूं क्योंकि कलेश्वरम लिफ्ट सिंचाई योजना के डिजाइन और निर्माण में मेरी कोई भूमिका नहीं है। किसी भी अन्य विभाग की तरह, मैंने परियोजना के लिए धन आवंटित किया है। उन्होंने कहा कि नोटिस मिलने पर वह पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे और आलाकमान के निर्देशानुसार आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि वह कानून का सम्मान करते हैं और आयोग के समक्ष पेश होंगे।
कोई भी जांच कर सकती है सरकार : राजेंद्र
कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए राजेंद्र ने कहा कि रेवंत रेड्डी सरकार कोई भी जांच कर सकती है और वह धमकियों से नहीं डरते। उन्होंने एक परोक्ष बयान में कहा कि हम केंद्र में हैं और आपका पूरा इतिहास हमारे हाथ में है। उन्होंने पीसी घोष आयोग के लिए बार-बार विस्तार पर भी सवाल उठाया और पूछा कि क्या इसका इस्तेमाल जनहित या राजनीतिक ब्लैकमेल के लिए किया जा रहा है।
राजेंद्र ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। मोदी सरकार के नेतृत्व में देश का हर नागरिक सुरक्षित है। सीमा पर हमारे देश के जवाब मजबूती से दुश्मन सेना के हर वार का माकूल जवाब दे रहे हैं।