नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Tribhuan International Airport) पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तुर्की एयरलाइंस (Turkey Airlines) के एक विमान के टायर में लैंडिंग के दौरान अचानक आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट टीके-726 इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची थी। विमान जैसे ही रनवे पर उतरा, उसके दाहिने लैंडिंग गियर के टायर में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर तैनात फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
278 यात्री और 11 क्रू सदस्य थे सवार
अधिकारियों ने बताया कि विमान में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य मौजूद थे। इनमें संयुक्त राष्ट्र (UN) के कुछ अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी यात्रियों को इमरजेंसी दरवाजों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल फुटेज में विमान के दाहिने पहिए से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई, हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया।
अन्य पढ़े: West Bengal- भावुक हुए अमित शाह, बोले- शहीदों के बलिदान का मिला प्रतिफल
कारणों की जांच जारी
फिलहाल एयरलाइन कंपनी और एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। आग लगने के पीछे तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है।
Read More :