ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रविवार को बॉन्डी बीच पर जश्न मना रहे लोगों पर दो आतंकियों ने हमला किया। इस दौरान 44 साल के अहमद अल-अहमद ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की जान बचाई।
अहमद अंधाधुंध फायरिंग कर रहे आतंकी साजिद अकरम (Akram) से निहत्थे भिड़ गए। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए पीछे से आतंकी पर झपट्टा मारा और उससे बंदूक छीन ली, जिससे कई लोगों को सुरक्षित निकलने का मौका मिल गया।
लोग उन्हें ‘ऑस्ट्रेलिया (Australia) का नया हीरो’ कह रहे हैं। अहमद जब आतंकी साजिद से मुठभेड़ करने जा रहे थे, तब उनके भाई ने उन्हें रोका था। तब अहमद ने कहा था, ‘अगर मुझे कुछ हुआ तो परिवार को बताना कि मैं लोगों की जान बचाते हुए गया।’
हनुक्का उत्सव में शामिल होने आए थे
बॉन्डी बीच पर अपने चचेरे भाई जोजाय अलकंज के साथ हनुक्का उत्सव में शामिल होने आए थे। दोनों कॉफी पीने बाहर निकले थे। कुछ ही मिनटों बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी की आवाजें सुनाई दी।
अहमद ने देखा की दो लोग भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहे हैं। लोग चीखते-चिल्लाते भाग रहे थे। अहमद और जोजाय कारों के पीछे छिप गए। जोजाय डर से कांप रहे थे, अहमद ने उन्हें शांत करते हुए हमलावरों से निपटने की बात कही।
अहमद ने आतंकी साजिद को धक्का मारकर दूर गिराया
जोजाय ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन अहमद ने उनकी बात नहीं सुनी। वे कारों के पीछे से हमलावरों की गतिविधियों पर नजर रखने लगे। अहमद निहत्थे थे, लेकिन अपनी जान की परवाह किए बिना मौका मिलते ही सीधे हमलावर की ओर दौड़े।
उन्होंने पीछे से झपट्टा मारकर 50 साल के आतंकी साजिद अकरम की राइफल छीन ली और उसे धक्का मारकर दूर गिरा दिया। अहमद ने राइफल आतंकी पर तान दी, जिससे डरकर वो पीछे की ओर भागने लगा। उन्होंने आतंकी से गन छीनकर कई लोगों की जान बचाई।
आतंकियों की गोलियों से घायल हुए
अहमद ने राइफल को एक पेड़ के पास रख दिया, लेकिन तभी दूसरी तरफ से आतंकी के बेटे नवीद अकरम ने उन पर हमला कर दिया। दो गोलियां अहमद के बाएं कंधे में लगीं। वे बेहोश होकर गिर पड़े।
अहमद के चचेरे भाई मुस्तफा ने बताया कि अहमद को बंदूक चलानी नहीं आती थी, इसलिए शायद वह हमलावर पर बंदूक नहीं चला पाए। वह बस आतंकी को डराते रहे, लेकिन तब तक पीछे से उन्हें गोली लग गई।
मुस्तफा से कहा कि उसे नहीं पता कि उस क्षण उसे क्या हुआ था, ईश्वर ने उसे ऐसी शक्ति दी जो उसने पहले कभी नहीं महसूस हुई। अहमद ने कहा कि उसे हर कीमत पर लोगों को बचाना था।
अहमद की हालत स्थिर, बोले- फिर करना पड़े तो दोबारा करूंगा
फिलहाल सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी सर्जरी हो चुकी है और वे ठीक हो रहे हैं। अस्पताल से अहमद की तस्वीर सामने आई है। उन्होंने कहा है कि अगर दोबारा मौका मिला तो वह फिर वही साहसिक कदम उठाएंगे। उनके पिता ने बताया कि अहमद अच्छे मूड में हैं। मैं भगवान का शुक्रिया अदा कर रहा हूं कि मेरे बेटे ने निर्दोष लोगों को हत्यारों से बचाया।
अन्य पढ़ें: मध्यप्रदेश में सनसनीखेज डबल मर्डर केस
वहीं, जब अहमद की मां को जब पता चला कि उनके बेटे ने अपनी जान पर खेलकर लोगों की जानें बचाई हैं, तो वे रोने लगीं।
गृहयुद्ध में सीरिया से भागकर ऑस्ट्रेलिया आए थे अहमद
मुस्लिम समुदाय से हैं। वह 2006 में गृहयुद्ध के कारण सीरिया से भागकर ऑस्ट्रेलिया आए थे। उनकी एक तंबाकू की दुकान है। अहमद पांच और छह साल की दो बेटियों के पिता हैं।
अहमद के वकील ने मीडिया को बताया कि 2019 में ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने उन्हें नागरिकता देने से इनकार कर दिया गया था, क्योंकि एनएसडब्ल्यू पुलिस ने उन पर चोरी का सामान रखने का आरोप लगाया था।
बाद में आरोप हट गए और 2022 में उन्हें नागरिकता मिली। हालांकि, 2022 में वे तंबाकू से जुड़े कुछ छोटे अपराधों में दोषी पाए गए।
अहमद के वकील ने कहा कि अहमद एक अच्छे नागरिक हैं और कड़ी मेहनत करते हैं। अब उनकी बहादुरी के इनाम के रूप में वे अहमद के बुजुर्ग माता-पिता को भी नागरिकता दिलाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से इसके लिए अपील भी की है।
ट्रम्प बोले- बहादुर व्यक्ति ने लोगों को बचाया, मेरे मन में बहुत सम्मान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी अहमद की बहादुरी की तारीफ की। ट्रम्प ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया में एक बहादुर व्यक्ति ने हमलावरों में से एक पर सीधे हमला किया। उन्होंने कई लोगों की जान बचाई, जिस व्यक्ति ने ऐसा किया, उसके प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान है।”
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई लोग खतरे में भी दौड़कर दूसरों की मदद करते हैं। ये हीरो हैं और उनकी बहादुरी ने जानें बचाईं।’
न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने भी कहा कि इस मुश्किल और दुख की घड़ी में भी ऑस्ट्रेलियाई बहादुर हैं, जो अजनबियों के लिए जान जोखिम में डालते हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि उनकी बहादुरी की वजह से आज रात कई लोगों की जान बची है।
लोगों ने फंडिंग कर अहमद के लिए ₹3.43 करोड़ जुटाए
लोगों ने अहमद के लिए 570,000 डॉलर (₹3.43 करोड़) से अधिक की फंडिंग जुटाई है। ऑस्ट्रेलिया की क्राउडफंडिंग साइट GoFundMe पर करीब 5700 लोगों ने एक कैंपेन चलाया था। दानदाताओं में अमेरिकी अरबपति बिल एकमैन भी शामिल हैं, जिन्होंने 100,000 डॉलर का दान दिया है।
पूरे देश में लोग अहमद की सेहत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और उम्मीद है कि वे जल्द अपनी बेटियों और परिवार के पास लौटेंगे।
मंत्री बोले- आतंकी साजिद रेजिडेंट रिटर्न वीजा पर रह रहा था
ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने खुलासा किया है कि आतंकी साजिद अकरम 1998 में छात्र वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आया था। उसने वेरेना नामक ऑस्ट्रेलियाई महिला से शादी की और अपना वीजा पार्टनर वीजा में बदल लिया। तब से वह रेजिडेंट रिटर्न वीजा पर था। यानी साजिद अकरम के पास ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता नहीं थी।
बर्क ने यह नहीं बताया कि अकरम ऑस्ट्रेलिया में कहां से आकर बसा था। हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें हैं कि वह पाकिस्तान से आया था। अकरम के बेटे नवीद का जन्म 2001 में ऑस्ट्रेलिया में हुआ था। वह एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है।
अन्य पढ़ें: