हैदराबाद । तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (TGCSB ) ने कंबोडिया आधारित अंतरराष्ट्रीय साइबर (International Cyber) ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की निदेशक शिखा गोयल ने बताया कि ये आरोपी भारतीय नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले नेटवर्क को अवैध सिम कार्ड उपलब्ध करा रहे थे।
198 भारतीय सिम कार्ड के साथ पकड़ा गया था अशरफ अली
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश का रिजवान (29), हैदराबाद के सैयद अशरफ अली (30), सैयद सोहैल, अतीक अहमद और हनमकोंडा का एयरटेल डिस्ट्रीब्यूशन प्वाइंट टीम लीडर नूने अशोक शामिल हैं। मामला तब सामने आया जब 31 मार्च को शमशाबाद एयरपोर्ट पर अशरफ अली को 198 भारतीय सिम कार्ड के साथ कंबोडिया जाते समय इमिग्रेशन अधिकारियों ने रोक लिया। जांच में पता चला कि 2023 से अब तक करीब 600 से अधिक सिम कार्ड अवैध रूप से विदेश भेजे गए थे।


फर्जी दस्तावेजों के जरिए सिम कार्ड एक्टिवेट कर कंबोडिया भेजे
आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए सिम कार्ड एक्टिवेट कर कंबोडिया भेजे, जहां इनका इस्तेमाल फिशिंग, पहचान की चोरी और धमकी जैसे साइबर अपराधों में किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का एक अन्य सदस्य अरविंद कुमार उर्फ शाहिद फरार है, जबकि विदेश में बैठे मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और टेलीकम्युनिकेशन कानून के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। टीजीसीएसबी की निदेशक शिखा गोयल ने लोगों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेज सुरक्षित रखें और ‘संचार साथी’ पोर्टल के माध्यम से अपने नाम पर जारी सिम कार्ड की जांच करते रहें।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :