खाबी लेम का असली नाम सेरिंगे खबेन लेम
बड़े टिक टॉकर खाबी लेम को हिरासत में लिया गया है, जिसके बाद उन्हें अमेरिका छोड़ना पड़ा। आखिर क्या है पूरा मामला, चलिए आपको बताते हैं। सोशल मीडिया की दुनिया में अपने अनोखे अंदाज से करोड़ों दिलों को जीतने वाले टिकटॉक स्टार खाबी लेम अब विवादों में आ गए हैं। इंटरनेट पर बिना एक शब्द कहे अपने मजेदार रिएक्शन वीडियो के लिए मशहूर खाबी को अमेरिका में इमिग्रेशन विभाग ने हिरासत में लिया और इसके बाद उन्हें देश छोड़कर जाना पड़ा। खाबी लेम, जिनका असली नाम सेरिंगे खबेन लेम है, अप्रैल के आखिर में अमेरिका आए थे, लेकिन जानकारी के मुताबिक वो वीजा की तय समयसीमा के बाद भी वहां रुके रहे।
इमिग्रेशन रिकॉर्ड में डिपोर्टेशन जैसे गंभीर दाग से बच गए खाबी
लास वेगास स्थित हैरी रीड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने उन्हें हिरासत में लिया। हालांकि, उन्हें डिपोर्ट नहीं किया गया बल्कि खुद अपनी मर्जी से जाने का ऑप्शन दिया गया, जिसके तहत वो अमेरिका को छोड़कर जा सकते थे। इस विकल्प के जरिए खाबी अपने इमिग्रेशन रिकॉर्ड में डिपोर्टेशन जैसे गंभीर दाग से बच गए, लेकिन आमतौर पर ऐसे मामलों में अमेरिका में वापसी पर प्रतिबंध लग सकता है जो कई सालों तक चलता है। ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है जब अमेरिका में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आव्रजन नीतियां एक बार फिर चर्चा में हैं।
खाबी की हिरासत और छोड़ना पड़ा अमेरिका
देशभर में ICE द्वारा की जा रही छापेमारी और सख्त कार्रवाइयों के बीच खाबी की हिरासत और अमेरिका छोड़ना एक बड़ा उदाहरण बन गया है। लॉस एंजिल्स में हाल में हुए कई बड़े इमिग्रेशन रेड्स के बाद अमेरिका में विरोध प्रदर्शन भी तेज़ हो गए हैं। खाबी लेम ने कोविड महामारी के दौर में एकदम अलग अंदाज में इंटरनेट पर जगह बनाई। वो बिना कुछ बोले, सिर्फ एक्सप्रेशन के ज़रिए आम तौर पर वायरल हो रहे जटिल ‘लाइफ हैक्स’ का मजाक उड़ाते नजर आते हैं। उनके इस सादगी भरे लेकिन मजाकिया अंदाज ने दुनियाभर के लोगों को दीवाना बना दिया। आज उनके टिक टॉक पर 162 मिलियन से भी ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जो उन्हें इस प्लेटफॉर्म का सबसे ज्यादा फॉलो किया गया व्यक्ति बनाते हैं।
माता पिता लेकर आ गए थे इटली
सेनेगल में जन्मे खाबी बहुत छोटे थे जब उनके माता-पिता उन्हें लेकर इटली आ गए थे। यहीं उन्होंने अपने बचपन और युवावस्था के साल गुजारे और अब वो एक इतालवी नागरिक हैं। खाबी की लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी कि उन्होंने 2022 में मशहूर डिजाइनर ब्रांड हुगो बॉस के साथ करार किया। हाल ही में उन्हें यूनिसेफ का गुडविल एंबेसडर भी नियुक्त किया गया था। अमेरिका आने के कुछ ही दिनों बाद खाबी ने न्यूयॉर्क में आयोजित मेट गाला में शिरकत की थी। इस इवेंट में उनकी मौजूदगी ने भी सुर्खियां बटोरी थीं। लेकिन महज कुछ हफ्तों के अंदर ही उनका वीजा विवाद इस ग्लैमर से भरे सफर को एक गंभीर मोड़ पर ले आया।
- Hyderabad : कांग्रेस सरकार जनता कल्याण और विकास को प्राथमिकता दे रही है- विवेक
- Pakistan: पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ‘महा-विस्फोट’
- Rajasthan : खौलते दूध में गिरकर 10 महीने की बच्ची की मौत
- ATEXCON : “दक्षिण एशिया की टेक्सटाइल कैपिटल बनेगा तेलंगाना” – ए. रेवंत रेड्डी
- Abhishek Sharma: अभिषेक शर्मा पर ‘गब्बर’ एक्शन